Breaking News

चहनियां: स्वच्छता अभियान का दिखा असर, ग्राम पंचायतों से एक दिन में जुटाया सात कुंतल प्लास्टिक कचरा।

चहनियां: स्वच्छता अभियान का दिखा असर, ग्राम पंचायतों से एक दिन में जुटाया सात कुंतल प्लास्टिक कचरा।

संवाददाता, अमित कुमार ओझा 

चहनियां (चंदौली)। केंद्र सरकार के गौरवमयी 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क एवं स्वच्छता अभियान के तहत सोमवार को चहनियां क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में व्यापक सफाई मुहिम चलाई गई। जिलाधिकारी के निर्देश और सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) राजेश सिंह के मार्गदर्शन में सफाई कर्मियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मिलकर गांवों को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लिया।

8 से 15 जून तक चल रहे सात दिवसीय विशेष अभियान के अंतर्गत सोमवार को चहनियां की विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्वच्छता कर्मियों की अलग-अलग टीमें बनाकर सघन सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान विशेष रूप से मलिन बस्तियों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों को लक्षित किया गया। सफाई कर्मियों को स्थानीय ग्रामीणों का भरपूर सहयोग मिला, जिससे गलियां और सार्वजनिक स्थान साफ-सुथरे नजर आए। अभियान के दौरान क्षेत्र की ग्राम पंचायतों—खंडवारी, भगवानपुर, रानेपुर, मथेला, चहनियां, रमौली, सराय, सोनहुला, सेमरा और सरौली आदि गांवों से कुल सात कुंतल प्लास्टिक कचरा एकत्र कर उसका निस्तारण किया गया।

सफाई अभियान के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक सप्ताह तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि स्वच्छता को अपनी दिनचर्या और संकल्प का हिस्सा बनाना होगा। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने आसपास प्लास्टिक का उपयोग बंद करें और गांवों को स्वच्छ व सुंदर बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। इस दौरान सफाई कर्मियों के साथ स्थानीय ग्राम प्रधान व अन्य जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!