Breaking News

बिनावर: सिंचाई को तरसे किसान तो बिनावर पावर हाउस पर फूटा गुस्सा, जमकर काटा हंगामा।

मक्के की फसल सूखने पर भाकियू टिकैत ने दिया धरना; SDO विकास राजपूत के आश्वासन पर शांत हुए अन्नदाता।

संवाददाता, शैलेन्द्र सिंह 

बिनावर (बदायूँ)। ग्रामीण अंचलों में फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली न मिलने से नाराज अन्नदाताओं का धैर्य जवाब दे गया। आक्रोशित किसानों ने स्थानीय विद्युत उपकेंद्र बिनावर का घेराव करते हुए विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और हंगामा काटा। किसानों का सीधा आरोप है कि ग्रामीण क्षेत्रों और कृषि क्षेत्र के ट्यूबवेलों के लिए जो रोस्टर निर्धारित किया गया है, उसके मुकाबले उन्हें पूरे दिन में एक से दो घंटे भी सुचारु रूप से बिजली नसीब नहीं हो पा रही है। भीषण गर्मी के बीच बिजली न मिलने से खेतों में खड़ी मक्के की कीमती फसलें पानी के अभाव में दम तोड़ रही हैं, जिससे किसानों की रात की नींद उड़ गई है।

इसी सिलसिले में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बदायूँ सदर तहसील अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बिजली विभाग के आला अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का किसान कई दिनों से बिजली की किल्लत झेल रहा है, लेकिन बार-बार आग्रह करने और फोन पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों की इसी उपेक्षा और तानाशाही के कारण विवश होकर किसानों को उपकेंद्र पर दरी बिछाकर धरने पर बैठना पड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों के हितों से इसी तरह खिलवाड़ किया गया, तो संगठन बड़े आंदोलन से पीछे नहीं हटेगा।

पावर हाउस पर किसानों के उग्र धरने और हंगामे की सूचना मिलते ही विभाग में खलबली मच गई। आनन-फानन में उपखंड अधिकारी (SDO) विकास राजपूत अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने नाराज किसानों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना और क्षेत्र की तकनीकी खामियों को जल्द दूर करने की बात कही।

एसडीओ ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि रोस्टर के अनुरूप सुचारु और पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, जिसके बाद ही किसान शांत हुए और अपना धरना समाप्त किया। इस तीखे प्रदर्शन और घेराव के दौरान मुख्य रूप से भाकियू तहसील अध्यक्ष अर्जुन सिंह, सुरेश दीवान, पप्पू सैफी, ठाकुर अमन सिंह, पिंटू सिंह और पूर्व प्रधान कैसर अली सहित ग्रामीण क्षेत्र के दर्जनों पीड़ित किसान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!