Breaking News

बरेली: बहगुल नदी के कटान से किसानों की जमीन और फसलें जलमग्न, मकानों पर छाया संकट; भाकियू ने प्रशासन को दी चेतावनी।

बरेली: बहगुल नदी के कटान से किसानों की जमीन और फसलें जलमग्न, मकानों पर छाया संकट; भाकियू ने प्रशासन को दी चेतावनी।

संवाददाता: मोहम्मद वसीम

बरेली। जनपद की तहसील बहेड़ी अंतर्गत ग्राम भैरपुरा में बहगुल नदी का उफान स्थानीय ग्रामीणों और किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर और तेज कटान की वजह से देखते ही देखते कई बीघा उपजाऊ कृषि भूमि नदी की धारा में समा गई है और खड़ी फसलें पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं। खेतों को निगलने के बाद अब नदी का कटान किनारे पर बने मकानों के बिल्कुल करीब पहुंच गया है, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

भाकियू ने खोला मोर्चा, ज्ञापन सौंपकर उठाई मांगें

प्रशासनिक उदासीनता से आक्रोशित भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) ने इस मामले में मोर्चा खोल दिया है। जिलाध्यक्ष केशव सिंह सोलंकी और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह गिल के नेतृत्व में किसान नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। किसान नेता भूपेंद्र सिंह ने कहा कि बहगुल नदी जिस रफ्तार से जमीन निगल रही है, उससे किसानों की जमीन और पूंजी दोनों हमेशा के लिए खत्म हो रही हैं। यदि समय रहते रोकथाम के उपाय नहीं किए गए तो पूरी आबादी खतरे में पड़ जाएगी।

मांगें और प्रमुख बिंदु:

तटबंध और बोल्डर कार्य: सिंचाई व बाढ़ खंड की टीमों को तुरंत मौके पर भेजकर बोल्डर और तटबंध निर्माण के जरिए कटान रोकने का काम युद्धस्तर पर शुरू कराया जाए।

सुरक्षित स्थानों पर पुनर्वास: कटान की जद में आए गरीब परिवारों और उनके मकानों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उन्हें सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए।

क्षतिपूर्ति व मुआवजा: राजस्व विभाग की टीम से प्रभावित क्षेत्र का तत्काल पारदर्शी सर्वे कराया जाए, ताकि जमीन और फसल गंवाने वाले किसानों को नियमानुसार उचित मुआवजा मिल सके।

ज्ञापन देने के दौरान जिला महासचिव अर्जुन यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राधेश्याम, जिला महामंत्री मनोज कुमार, संगठन मंत्री सज्जाद अख्तर और महानगर अध्यक्ष मंदीप सिंह सहित कई किसान पदाधिकारी मौजूद रहे। भाकियू ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही राहत और बचाव कार्य शुरू नहीं किए गए तो किसान बड़ा आंदोलन करने को विवश होंगे।

बाइट : भूपेंद्र सिंह, किसान नेता

Spread the love

Check Also

बरेली-मुरादाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन की अधिसूचना जारी, 23 अक्टूबर को होगा मतदान।

बरेली-मुरादाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन की अधिसूचना जारी, 23 अक्टूबर को होगा मतदान। बदायूँ। उत्तर प्रदेश …