Breaking News

बरेली: नशे में नदी में गिरा बुजुर्ग, रात भर पेड़ पर गुज़ारी जान; पुलिस ने सुरक्षित निकाला, वीडियो वायरल।

बरेली: नशे में नदी में गिरा बुजुर्ग, रात भर पेड़ पर गुज़ारी जान; पुलिस ने सुरक्षित निकाला, वीडियो वायरल।

संवाददाता: मोहम्मद वसीम

बरेली। मीरगंज पुल के पास भाखड़ा नदी किनारे नशे की हालत में पहुंचे 59 वर्षीय बुजुर्ग का अचानक पैर फिसल गया और वह उफनती नदी में जा गिरा। हालांकि, किस्मत अच्छी रही कि वह पानी के तेज बहाव में बहने के बजाय नदी के बीच बने एक पेड़ की डालियों में फंस गया। अपनी जान बचाने के लिए उसने पूरी रात पेड़ पर ही बैठकर गुजारी। मंगलवार को इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरा मामला सुर्खियों में आ गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फतेहगंज पश्चिमी कस्बे के मोहल्ला साहूकारा निवासी राम प्रकाश (59 वर्ष) पुत्र बुद्ध प्रकाश सोमवार की रात करीब 9 बजे मीरगंज पुल के समीप भाखड़ा नदी के पास गए थे। अत्यधिक नशे में होने के कारण उनका संतुलन बिगड़ा और वे सीधे नदी में जा गिरे। नदी के बीच पेड़ का सहारा मिलने से वे डूबने से बच गए और रात भर उसी पेड़ की शाखों पर बैठे रहे।

सुबह नदी के बीच पेड़ पर एक व्यक्ति को बैठा देख आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बिना देर किए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और राम प्रकाश को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया। प्राथमिक राहत के बाद पुलिस ने उन्हें उनके परिजनों के हवाले कर दिया।

इसी दौरान किसी प्रत्यक्षदर्शी ने पेड़ पर अटके बुजुर्ग का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो अब तेजी से शेयर हो रहा है। गनीमत रही कि समय पर ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई और पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

 

 

 

Spread the love

Check Also

शाहजहांपुर में उफान पर रामगंगा और खन्नौत, खतरे के निशान से ऊपर बह रहा पानी; प्रशासन अलर्ट, राहत कार्य जारी।

शाहजहांपुर में उफान पर रामगंगा और खन्नौत, खतरे के निशान से ऊपर बह रहा पानी; …