Breaking News

कासगंज: साबरमती एक्सप्रेस में चेकिंग के दौरान CTTI से मारपीट, यात्री ने चबाया अंगूठा; GRP ने आरोपी को किया गिरफ्तार

कासगंज: साबरमती एक्सप्रेस में चेकिंग के दौरान CTTI से मारपीट, यात्री ने चबाया अंगूठा; GRP ने आरोपी को किया गिरफ्तार

संवाददाता: जुम्मन कुरैशी

कासगंज। ट्रेन नंबर 19410 साबरमती एक्सप्रेस में टिकट चेकिंग के दौरान एक यात्री द्वारा रेल कर्मी पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एसी कोच में जनरल टिकट लेकर सफर कर रहे यात्री को जब ट्रेन कंडक्टर (CTTI) ने जनरल डिब्बे में जाने को कहा, तो उसने हंगामा खड़ा कर दिया। आरोप है कि गाली-गलौज और मारपीट के दौरान यात्री ने CTTI के बाएं हाथ के अंगूठे को दांतों से बुरी तरह चबा डाला, जिससे अंगूठे की हड्डी तक बाहर निकल आई।

जनरल टिकट पर एसी कोच में कर रहा था सफर

जानकारी के अनुसार, 28 सितंबर को साबरमती एक्सप्रेस में CTTI मनोज कुमार चौहान लखनऊ से मथुरा जंक्शन के बीच ड्यूटी पर तैनात थे। ट्रेन जब गंजडुंडवारा स्टेशन से कासगंज की ओर बढ़ रही थी, तभी एसी (A-1) कोच की चेकिंग के दौरान एक यात्री मिला। उसके पास गंजडुंडवारा से मेहसाना का जनरल टिकट था। जब CTTI ने उसे नियमानुसार जनरल कोच में जाने के लिए कहा, तो वह आपा खो बैठा और सरकारी काम में बाधा डालते हुए अभद्रता व मारपीट करने लगा।

अंगूठे की हड्डी बाहर निकली, जीआरपी ने कराया मेडिकल

हमले में CTTI मनोज कुमार के अंगूठे पर गंभीर चोट आई और हड्डी बाहर निकल आई। हाथ पर कई जगह दांतों से काटने के निशान भी मिले। घटना की सूचना मिलते ही कासगंज जीआरपी एक्शन में आई और पीड़ित CTTI का तत्काल चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। मामले में जीआरपी कासगंज थाने में धारा 118(1), 132, 121(1) और 352 (BNS) के तहत केस दर्ज किया गया।

हिस्ट्रीशीटर आरोपी कासगंज स्टेशन से गिरफ्तार

जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी इकबाल (38 वर्ष) पुत्र कबीर को 28 सितंबर की रात कासगंज रेलवे स्टेशन से धर दबोचा। आरोपी मूल रूप से कासगंज के सिकंदरपुर वैश्य का रहने वाला है और वर्तमान में फर्रुखाबाद के कम्पिल क्षेत्र में रह रहा था। जीआरपी के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पहले से ही सिकंदरपुर वैश्य थाने में बलवा व मारपीट का केस दर्ज है।

इस सफल गिरफ्तारी में जीआरपी थानाध्यक्ष कोमल कुंतल, आरपीएफ एसआई प्रवीण कुमार, जीआरपी कांस्टेबल राधारमन कर्दम और आरपीएफ कांस्टेबल इन्द्रराज मीणा की भूमिका प्रमुख रही। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर विधिक कार्रवाई में जुटी है।

 

 

Spread the love

Check Also

शाहजहांपुर में उफान पर रामगंगा और खन्नौत, खतरे के निशान से ऊपर बह रहा पानी; प्रशासन अलर्ट, राहत कार्य जारी।

शाहजहांपुर में उफान पर रामगंगा और खन्नौत, खतरे के निशान से ऊपर बह रहा पानी; …