Breaking News

बरेली: स्वच्छता अभियान में बच्चों ने दिखाई रचनात्मकता, रेलवे की सफाई व्यवस्था से भी हुए रूबरू।

स्वच्छता अभियान में बच्चों ने दिखाई रचनात्मकता, रेलवे की सफाई व्यवस्था से भी हुए रूबरू।

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में ‘स्वच्छ पाठशाला-युवा के लिए स्वच्छता’ कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए स्वच्छता आधारित कला प्रतियोगिता कराई गई। मॉडर्न जूनियर हाई स्कूल, न्यू मॉडल कॉलोनी, गीतांजलि जूनियर हाई स्कूल ऑफिस कॉलोनी, गीतांजलि जूनियर हाई स्कूल रोड नंबर-4 तथा केंद्रीय विद्यालय, पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर के छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत का संदेश प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के साथ विभिन्न रंगों के डस्टबिन के सही इस्तेमाल की जानकारी दी गई। स्वच्छता को लेकर बच्चों की समझ को व्यवहारिक रूप देने के उद्देश्य से ‘स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ भी आयोजित की गई। इसके तहत विद्यार्थियों को टनकपुर एवं कासगंज कोचिंग डिपो का भ्रमण कराया गया।

भ्रमण के दौरान बच्चों ने रेलवे की हाउसकीपिंग और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं को करीब से देखा। उन्हें बायो-टॉयलेट प्लांट, वाटर रीसाइक्लिंग प्लांट और कोच वॉशिंग लाइनों की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान जल संरक्षण, जल पुनर्चक्रण, वर्षा जल संचयन और स्वच्छता के वैज्ञानिक पहलुओं को भी समझाया गया।

रेल यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया। विभिन्न गैर सरकारी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं और स्कूली बच्चों के सहयोग से प्रस्तुत किए गए इन कार्यक्रमों के माध्यम से यात्रियों से कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में डालने और रेलवे परिसर को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की गई।

इसके अलावा मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों, कोचिंग डिपो, कार्यालयों, अस्पतालों, रेलवे कॉलोनियों तथा रेलवे सुरक्षा बल की इकाइयों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। रेल कर्मचारियों और सफाई मित्रों ने श्रमदान कर प्लेटफॉर्म एवं रेलवे परिसरों की गहन सफाई की। यात्रियों, कर्मचारियों और विक्रेताओं को प्लास्टिक के कम से कम उपयोग के लिए भी प्रेरित किया गया।

स्वच्छता अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों पर ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ थीम से जुड़े पोस्टर, बैनर और फ्लेक्स लगाए गए हैं।

Spread the love

Check Also

बिसौली: उमंग कार्यक्रम में निखरी नौनिहालों की प्रतिभा, ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं में दिखाया हुनर।

उमंग कार्यक्रम में निखरी नौनिहालों की प्रतिभा, ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं में दिखाया हुनर। आई एम …