Breaking News

बलरामपुर: केंद्रीय बजट 2026-27 गरीब, किसान और युवाओं के लिए कल्याणकारी: विधायक पल्टूराम।

केंद्रीय बजट 2026-27 गरीब, किसान और युवाओं के लिए कल्याणकारी: विधायक पल्टूराम।

गुलाम नबी कुरैशी, संवाददाता 

बलरामपुर। सदर विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री पल्टूराम ने अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में केंद्रीय बजट 2026-27 को गरीबों, किसानों और युवाओं के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट देश के समग्र विकास और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

विधायक पल्टूराम ने बताया कि लगभग 53.5 लाख करोड़ रुपये के कुल व्यय और जीडीपी के 4.3 प्रतिशत राजकोषीय घाटे के लक्ष्य के साथ सरकार ने वित्तीय अनुशासन बनाए रखते हुए विकास को प्राथमिकता दी है। पूंजीगत व्यय को 12.2 लाख करोड़ रुपये तक बढ़ाया जाना इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार और औद्योगिक विकास को नई गति देगा।

उन्होंने कहा कि नई फ्रेट कॉरिडोर, हाई-स्पीड रेल और नेशनल वाटरवे जैसी परियोजनाएं देश की कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगी, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी। सेमीकंडक्टर, बायोफार्मा और दुर्लभ खनिज क्षेत्रों में निवेश से भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धा क्षमता और सुदृढ़ होगी।

कर सुधारों का उल्लेख करते हुए विधायक ने बताया कि आयकर कानून 2025 को 1 अप्रैल 2026 से लागू करने और टीसीएस दरों में कमी से मध्यम वर्ग, विद्यार्थियों और छोटे व्यापारियों को राहत मिलेगी। एमएसएमई के लिए विशेष निधि और निवेश प्रोत्साहन योजनाएं स्थानीय उद्योगों को मजबूती देंगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगी।

उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र के लिए लगभग 7.8 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान राष्ट्रीय सुरक्षा को और मजबूत करेगा। साथ ही उत्तर प्रदेश को आधारभूत संरचना, कृषि, सिंचाई और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में विशेष प्राथमिकता दी गई है।

विधायक ने बताया कि प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ीकरण और नए एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं को गति मिलेगी, जिससे पूर्वांचल और तराई क्षेत्र को लाभ होगा। किसानों के लिए भंडारण, कोल्ड स्टोरेज और खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को बढ़ावा दिया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और जल जीवन मिशन के तहत अतिरिक्त आवंटन से ग्रामीण परिवारों को लाभ मिलेगा।

बलरामपुर जनपद के संदर्भ में उन्होंने कहा कि सिंचाई परियोजनाओं और लघु नहरों के सुदृढ़ीकरण से किसानों की उत्पादकता बढ़ेगी। कृषि आधारित लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए एमएसएमई योजनाओं का विस्तार किया जाएगा। ग्रामीण सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए विशेष धनराशि से संपर्क मार्गों की स्थिति बेहतर होगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के उन्नयन का प्रावधान किया गया है।

प्रेसवार्ता में जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह बैस, मीडिया संयोजक अवधेश पाण्डेय, जिला उपाध्यक्ष बृजेन्द्र तिवारी, महामंत्री वरुण सिंह मोनू, संदीप उपाध्याय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!