Breaking News

बलरामपुर: पीएनबी बैंक लोन घोटाले में बड़ी कार्रवाई, 12 करोड़ से अधिक के गबन का आरोपी लोन अप्रूवर ऑफिसर गिरफ्तार।

पीएनबी बैंक लोन घोटाले में बड़ी कार्रवाई, 12 करोड़ से अधिक के गबन का आरोपी लोन अप्रूवर ऑफिसर गिरफ्तार।

गुलाम नबी कुरैशी, संवाददाता 

बलरामपुर। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की नहरबालागंज शाखा में फर्जी लोन खातों के माध्यम से 12 करोड़ 03 लाख 37 हजार रुपये के सरकारी धन के गबन के मामले में बलरामपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने लोन अप्रूवर ऑफिसर विनय शर्मा को लखनऊ के चिनहट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।

बताया गया कि पीएनबी सर्किल ऑफिस, अयोध्या के चीफ मैनेजर द्वारा कराई गई विभागीय जांच में नहरबालागंज शाखा में बड़े पैमाने पर लोन अनियमितता सामने आई थी। इसके बाद 15 अगस्त 2025 को थाना कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसमें तत्कालीन वरिष्ठ शाखा प्रबंधक महेश त्रिपाठी समेत आठ लोगों पर फर्जी व कूटरचित दस्तावेजों के जरिए विभिन्न लोन खाते खोलकर बैंक से करोड़ों रुपये के गबन का आरोप लगाया गया था।

इस संबंध में थाना कोतवाली नगर पर मु0अ0सं0 197/25 धारा 316(2), 316(5), 319(2), 318(4), 337, 338, 336(3), 340(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय व क्षेत्राधिकारी नगर ज्योतिश्री के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार अभियुक्त विनय शर्मा पुत्र घनश्याम शर्मा, उम्र लगभग 43 वर्ष, निवासी टेढ़ी बाजार खलवा, थाना कोतवाली नगर, लोन अप्रूवर लेवल एस-1 के पद पर कार्यरत था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि तत्कालीन शाखा प्रबंधक महेश त्रिपाठी व पीएसपी कंस्ट्रक्शंस के मालिक समरजीत सिंह से मिलीभगत कर फर्जी लोन खातों के माध्यम से गबन किया गया। आरोप है कि करीब 46 लोन खातों से 8 करोड़ 09 लाख 87 हजार रुपये तथा 40 मुद्रा लोन खातों से 3 करोड़ 93 लाख 50 हजार रुपये का गबन किया गया।

विनय शर्मा लेंस सॉफ्टवेयर पर फर्जी एलआईसी पॉलिसी नंबर की एंट्री कर लोन अप्रूवल की प्रक्रिया का पहला चरण पूरा करता था, जिसके बाद शाखा प्रबंधक द्वारा अंतिम स्वीकृति दी जाती थी। इसके बाद लोन की राशि अनधिकृत रूप से नकद या खाते में ट्रांसफर कर पीएसपी कंस्ट्रक्शंस और उसके सहयोगियों को भेज दी जाती थी।

ज्ञातव्य है कि इस मामले में पहले ही तीन अभियुक्तों महेश त्रिपाठी, समरजीत सिंह और संतोष कुमार सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस के अनुसार विनय शर्मा के विरुद्ध कई अन्य मुकदमे भी दर्ज हैं और पीएनबी सर्किल ऑफिस अयोध्या द्वारा विभिन्न ओवरड्राफ्ट खातों से संबंधित अलग-अलग अभियोग भी पंजीकृत कराए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और अन्य संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Byte – विकास कुमार पुलिस अधीक्षक बलरामपुर

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!