Breaking News

बदायूं: जिला उद्योग बंधु की बैठक में कड़े रुख में दिखे जिलाधिकारी, हीलाहवाली करने वाले बैंकर्स पर दर्ज होगी FIR

उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण करने के निर्देश।

बदायूं। कलेक्ट्रेट परिसर के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में जिलाधिकारी अवनीश राय की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी बैंकर्स को चेतावनी दी कि वे उत्तर प्रदेश सरकार के शासनादेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें, और ऐसा न करने वाले बैंक प्रबंधकों के खिलाफ सीधे प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई जाएगी।

​जिलाधिकारी ने बैंक प्रतिनिधियों को विशेष हिदायत दी कि विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के तहत आने वाले आवेदकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उन्हें प्रोत्साहित किया जाए। किसी भी लाभार्थी के आवेदन को बिना किसी ठोस या वैधानिक आधार के निरस्त न किया जाए। इसके साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे और बिजली से जुड़ी समस्याओं के तुरंत समाधान के लिए जिलाधिकारी स्तर से एक चार सदस्यीय विशेष समिति का गठन किया गया है। उपायुक्त उद्योग की अगुवाई में बनी इस कमेटी में लोक निर्माण विभाग (PWD), विद्युत विभाग और संबंधित कार्यदायी संस्था के इंजीनियरों को शामिल किया गया है, जो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करेगी।

​बैठक में जिले के व्यापारियों और उद्यमियों को निजी औद्योगिक पार्क विकसित करने के लिए प्लेज पार्क योजना के तहत आमंत्रित किया गया। उन्हें बताया गया कि इस योजना के अंतर्गत सरकार मात्र एक प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध करा रही है, जो व्यापार विस्तार के लिए एक बेहतर अवसर है। वहीं बिसौली स्थित मिनी औद्योगिक क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन को प्रभावी गश्त और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

​बैठक में ‘मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना’ और ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना’ के तहत आए आवेदनों, स्वीकृत मामलों और निरस्त की गई फाइलों की बिंदुवार समीक्षा की गई। इसके अलावा ‘निवेश मित्र पोर्टल’ पर समय सीमा से अधिक लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण करने तथा लाल पुल के पास स्थित बिजली ट्रांसफार्मर को शिफ्ट करने के लिए विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को सर्वे कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, सहायक सूचना निदेशक आशुतोष चन्दोला, उपायुक्त उद्योग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय उद्यमी और व्यापारी संगठन के प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!