Breaking News

बदायूँ: मानदेय की मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का धरना, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन।

बदायूँ: मानदेय की मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का धरना, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन।

संवाददाता, शैलेन्द्र सिंह 

बदायूँ। अखिल भारतीय आंगनबाड़ी कर्मचारी महासभा के बैनर तले मालवीय आवास गृह पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित इस बैठक में कार्यकत्रियों ने शासन के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि यदि उनकी लंबित मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो वे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने को मजबूर होंगी।

बैठक के दौरान मंडल अध्यक्ष मोर श्री गुप्ता ने जोर देकर कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का रुका हुआ मानदेय शासन को शीघ्र जारी करना चाहिए, क्योंकि आर्थिक तंगी के कारण कार्यकत्रियों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। जिला अध्यक्ष राजेश कुमार सक्सेना ने जानकारी दी कि जनपद की लगभग 510 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का वर्ष 2025 के जुलाई, अगस्त और सितंबर माह का मानदेय अब तक बकाया है, जिसका भुगतान अविलंब होना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने आयुष्मान कार्ड योजना का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जहाँ शासन ने सभी के लिए स्वास्थ्य कार्ड की व्यवस्था की है, वहीं अब भी करीब 8-10 कार्यकत्रियों के कार्ड नहीं बन सके हैं, जिन्हें तत्काल बनवाया जाए।

इस विरोध प्रदर्शन के बाद सिटी मजिस्ट्रेट को एक ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें मांग की गई कि भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों में भी ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया जाए। ज्ञापन में सेवानिवृत्ति की आयु को बढ़ाकर 65 वर्ष करने, प्रत्येक माह प्रोत्साहन राशि का भुगतान करने और जिला स्तर पर अधिकारियों के साथ नियमित बैठक के लिए पत्र जारी करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

प्रदर्शन के दौरान उपस्थित सभी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने एक स्वर में कहा कि मांगों की अनदेखी होने पर होने वाली किसी भी अप्रिय स्थिति या आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष शोभा वर्मा, संगठन प्रभारी चांद बी, ब्लॉक अध्यक्ष शशि रानी सक्सेना, कुमकुम जौहरी, खजाना देवी, निशा सक्सेना, भगवान देवी, राजबाला, सर्वेश शर्मा, माया देवी, रामदेवी, पुष्पा देवी, प्रीति वर्मा, कंचन देवी, अनवरी बेगम, डिंपल वाष्णेय और अर्चना सक्सेना समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!