Breaking News

पवित्र माह रमजान के पहले जुमा को मस्जिदों में दिखी नमाजियों की भारी भीड़।

पवित्र माह रमजान के पहले जुमा को मस्जिदों में दिखी नमाजियों की भारी भीड़।

जुम्मन कुरैशी, संवाददाता 

गंजडुंडवारा, कासगंज। पवित्र माह रमजान के पहले जुमा पर नगर की मस्जिदों में अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मुस्लिम समुदाय में खासा उत्साह देखने को मिला। दोपहर में अजान की आवाज गूंजते ही नमाजी मस्जिदों की ओर रवाना हो गए। नगर की जामा मस्जिद गंजडुंडवारा सहित अन्य मस्जिदों में सैकड़ों लोगों ने नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन और तरक्की की दुआ मांगी।

जुमा की नमाज से पहले बान मंडी तिराहे स्थित मस्जिद में तकरीर करते हुए हाफिज इमाम मोहम्मद तकलीम ने रमजान की फजीलत बयान की। उन्होंने कहा कि केवल रोजा रखना ही फर्ज नहीं, बल्कि जकात अदा करना भी उतना ही जरूरी है। जकात गरीबों, मिस्कीनों और मदरसों में तालीम हासिल कर रहे तालिब-ए-इल्म के काम आती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि रोजे के साथ जकात की अदायगी का भी खास ख्याल रखें और किसी भी सूरत में बिना वजह रोजा कजा न करें।

उन्होंने कहा कि रमजान के रोजे हर आकिल और बालिग मुसलमान पर फर्ज हैं और बिना उचित कारण एक रोजा छोड़ देना भी बड़ी लापरवाही है। तकरीर के बाद नमाज अदा कराई गई और देश व कौम की सलामती के लिए विशेष दुआ की गई।

नगर की अन्य मस्जिदों में भी अकीदत के साथ नमाज अदा की गई। मस्जिद अबू बकर मोहल्ला खैरू में मौलाना सलीम साहब, मस्जिद एक मीनार में मौलाना ओसामा साहब, मस्जिद चौक सट्टी बाजार में इमाम रईस अहमद साहब, थाना रोड स्थित जामा मस्जिद में हाफिज किफायतुल्लाह साहब, मस्जिद उकबा मोहल्ला मूलचंद में हाफिज उबैश साहब, मस्जिद अक्सा व मस्जिद अम्मार मोहल्ला नगला इमाम बख्श में क्रमशः मौलाना ताहिर और मौलाना अफाक साहब तथा सहावर रोड स्थित मस्जिद बरकाती में हाफिज मोहम्मद अतीक कादरी साहब ने जुमा की नमाज अदा कराई।

नमाज के दौरान मस्जिदों के बाहर और आसपास सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन की मौजूदगी में पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

 

 

 

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध तमंचा मिलने से फैली सनसनी।

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध …