Breaking News

धान खरीद की ऑटो अटैचमेंट सूची से बहेड़ी की चार राइस मिलें बाहर, मिलर्स ने उठाई आवाज।

धान खरीद की ऑटो अटैचमेंट सूची से बहेड़ी की चार राइस मिलें बाहर, मिलर्स ने उठाई आवाज।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बहेड़ी (बरेली)। सरकारी धान खरीद व्यवस्था के तहत जारी ऑटो अटैचमेंट सूची में बहेड़ी की चार राइस मिलों को शामिल नहीं किए जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। इसको लेकर बहेड़ी राइस मिलर्स एसोसिएशन ने संभागीय खाद्य नियंत्रक (आरएफसी) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और वंचित मिलों को उनकी क्षमता के अनुसार धान क्रय केंद्रों से जोड़ने की मांग की। एसोसिएशन का कहना है कि मौजूदा व्यवस्था से मिल संचालकों के साथ-साथ वहां काम करने वाले मजदूरों की आजीविका पर भी संकट खड़ा हो सकता है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष नईम अहमद की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि शासन स्तर से जारी ऑटो अटैचमेंट सूची में सभी राइस मिलों को समान अवसर नहीं मिला है। जिले में कुछ मिलों को कोई भी धान क्रय केंद्र आवंटित नहीं हुआ, जबकि कई मिलों को केवल एक या दो केंद्रों से जोड़ा गया है। एसोसिएशन ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मिलों की क्षमता के आधार पर केंद्रों का आवंटन किए जाने की मांग की है।

ज्ञापन में डायमंड राइस मिल बहेड़ी, न्यू डायमंड राइस मिल बहेड़ी, स्टार राइस मिल बहेड़ी और आजाद राइस मिल बहेड़ी का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है। एसोसिएशन के अनुसार, इन मिलों को धान क्रय केंद्रों से नहीं जोड़ा गया है। इससे मिलों के संचालन और आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। साथ ही मिलों में काम करने वाले मजदूरों के सामने रोजगार का संकट पैदा हो सकता है। ज्ञापन में सात मिलों में कार्यरत श्रमिकों की आजीविका प्रभावित होने की चिंता भी जताई गई है।

मिलर्स एसोसिएशन ने आरएफसी से मांग की कि वंचित मिलों के संबंध में शासन को तत्काल रिपोर्ट भेजी जाए और उन्हें उनकी निर्धारित क्षमता के अनुसार धान क्रय केंद्रों से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कराई जाए।

ज्ञापन मिलने के बाद आरएफसी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को फोन कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि अधिकारियों के हस्तक्षेप से जल्द समस्या का समाधान होगा और वंचित मिलों को भी सरकारी धान खरीद व्यवस्था में उचित स्थान मिल सकेगा।

 

Spread the love

Check Also

दीपावली पर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील, गंजडुंडवारा कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक।

दीपावली पर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील, गंजडुंडवारा कोतवाली में हुई पीस कमेटी …