Breaking News

सेवा संकल्प अभियान का भव्य कार्यक्रम के साथ समापन, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर। 

डायट ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने की सहभागिता, प्रदर्शनी, जादू और कव्वाली के जरिए किया योजनाओं का प्रचार-प्रसार।

बदायूं। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान का शुक्रवार, 17 अक्टूबर को आयोजित समापन कार्यक्रम के साथ समापन हो गया। अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने के लिए पंजीकरण कराया गया। अभियान को सफल बनाने में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

डायट स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित समापन कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान स्कूली छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आमजन को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने, पात्र लाभार्थियों की पहचान करने और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए किए गए प्रयासों पर जोर दिया। अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उन्हें योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

प्रदर्शनी के माध्यम से दी गई सरकारी योजनाओं की जानकारी

समापन कार्यक्रम में सूचना विभाग की ओर से विभिन्न सरकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, मिशन शक्ति, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, जननी सुरक्षा योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, स्वच्छ भारत अभियान और विभिन्न पेंशन योजनाओं सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई।

प्रदर्शनी में लगाई गई स्टैंडी के माध्यम से लोगों को योजनाओं के उद्देश्य और उनसे मिलने वाले लाभों के बारे में जागरूक किया गया। उपस्थित लोगों और ग्राम प्रधानों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

जादू और कव्वाली के माध्यम से किया जागरूक

कार्यक्रम में सूचना विभाग उत्तर प्रदेश में पंजीकृत सागर मैजिक ग्रुप के जादूगर जुगल किशोर ने जादू की विभिन्न कलाओं के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। वहीं, सरगम पार्टी के आमिर सुल्तानी के दल ने कव्वाली के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। दोनों प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों और ग्राम प्रधानों ने सराहा।

कार्यक्रम के दौरान सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए सतेन्द्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी याबर अब्बास, बेसिक शिक्षा विभाग के कामेन्द्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन समाज कल्याण विभाग के महाराज सिंह ने किया।

 

 

Spread the love

Check Also

मतदाता अभियान में पहुंचे सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी, नए वोटरों को जोड़ने पर दिया जोर।

मतदाता अभियान में पहुंचे सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी, नए वोटरों को जोड़ने …