Breaking News

रेलवे कॉलोनी की बदहाली पर एनआरएमयू का प्रदर्शन, एक सप्ताह में सुधार का लिखित आश्वासन।

रेलवे कॉलोनी की बदहाली पर एनआरएमयू का प्रदर्शन, एक सप्ताह में सुधार का लिखित आश्वासन।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर। रेलवे कॉलोनी की बदहाल स्थिति और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन (एनआरएमयू) की शाहजहांपुर शाखा ने शनिवार सुबह प्लेटफॉर्म नंबर एक स्थित आईओडब्ल्यू (IOW) कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। शाखा सचिव शिवकुमार सक्सेना के नेतृत्व में बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी सुबह सात बजे कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए आईओडब्ल्यू ओपी शर्मा का घेराव किया। प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान कराने का लिखित आश्वासन दिया।

प्रदर्शन के दौरान रेल कर्मचारियों ने रेलवे कॉलोनी के आवासों की जर्जर स्थिति और बुनियादी सुविधाओं के अभाव पर नाराजगी जताई। यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि कॉलोनी के कई आवासों के फर्श टूटे हुए हैं। रसोई और बाथरूम में टाइल्स नहीं हैं तथा पानी की टंकियों की कमी के कारण कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा कॉलोनी में जगह-जगह घास उगी हुई है और जलभराव की समस्या बनी हुई है। बाउंड्रीवाल और पाथवे भी टूटे हुए हैं, जबकि कई आवासों का प्लास्टर उखड़ रहा है।

एनआरएमयू के सहायक मंडल मंत्री नरेंद्र त्यागी ने कहा कि रेलवे कॉलोनी की समस्याओं को लेकर कर्मचारी लगातार शिकायतें कर रहे थे, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा था। कर्मचारियों की परेशानियों को देखते हुए यूनियन को प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

प्रदर्शन के बाद आईओडब्ल्यू ओपी शर्मा ने यूनियन पदाधिकारियों से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने रेलवे कॉलोनी की समस्याओं का एक सप्ताह के भीतर समाधान कराने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि निर्धारित समय में समस्याओं का निस्तारण कर कॉलोनी की स्थिति में सुधार किया जाएगा।

शाखा सचिव शिवकुमार सक्सेना ने बताया कि रेलवे कॉलोनी की समस्याओं से उच्च अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि तय समयसीमा में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो यूनियन दोबारा बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

प्रदर्शन के दौरान यतेंद्र त्रिवेदी, जितेंद्र, सर्वेश, महेश पाल, संजय यादव, आनंद, गुलफाम, वीरपाल, सलीम शहजादा, सैनी, रवि, चंदा और विकास सहित बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी मौजूद रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

जैविक खेती अपनाकर मिट्टी की उर्वरता और आय बढ़ाएं किसान।

जैविक खेती अपनाकर मिट्टी की उर्वरता और आय बढ़ाएं किसान। बदायूं। यूपी डास्प की नमामि …