Breaking News

शाहजहांपुर में नवरात्रि-दशहरा को लेकर डीएम की बैठक, अश्लील कार्यक्रमों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी।

शाहजहांपुर में नवरात्रि-दशहरा को लेकर डीएम की बैठक, अश्लील कार्यक्रमों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी।

शाहजहांपुर (रिपोर्ट: मुबारक अली): आगामी नवरात्रि, दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण व सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट के बिस्मिल सभागार में कार्यक्रम आयोजकों और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। बैठक में डीएम ने आयोजकों की समस्याएं व सुझाव सुने और संबंधित अधिकारियों को समय से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि नवरात्रि शुरू होने से पहले मंदिरों और प्रमुख आयोजन स्थलों पर सफाई, बिजली के ढीले तारों की मरम्मत तथा आवागमन मार्गों की व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए।

इसके अलावा, मेलों में पंडाल और झूले लगाने के लिए अग्निशमन व विद्युत विभाग समेत संबंधित विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेना अनिवार्य किया गया है। बिना विभागीय अनुमति के किसी भी प्रकार के आयोजन की अनुमति नहीं होगी।

डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सख्त लहजे में कहा कि धार्मिक आयोजनों और मेलों में किसी भी प्रकार के अश्लील नृत्य या कार्यक्रमों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसा मामला सामने आने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आयोजकों से कार्यक्रमों को मर्यादा व श्रद्धा के साथ आयोजित करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

बैठक में तहसील व थाना स्तर पर पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने आयोजकों से समय पर प्रशासनिक अनुमति लेने का आग्रह करते हुए सुरक्षा हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने का भरोसा दिलाया। इस दौरान नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी, एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, एएसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे, एएसपी नगर देवेंद्र कुमार और क्षेत्राधिकारी यातायात रणवीर सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

गंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रक और पिकअप की जोरदार भिड़ंत, पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल।

गंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रक और पिकअप की जोरदार भिड़ंत, पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल। …