Breaking News

कासगंज: नौ दिन बाद नहर से मिले लापता देवर-भाभी के शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका।

नौ दिन बाद नहर से मिले लापता देवर-भाभी के शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

कासगंज। कासगंज जिले के नदरई क्षेत्र से 8 सितंबर को लापता हुए देवर और भाभी के शव नौ दिन बाद गुरुवार को एटा जनपद के मिरहची थाना क्षेत्र में हजारा नहर से बरामद हुए। दोनों के शव पानी में आपस में जुड़े हुए पाए गए। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। परिजनों ने दोनों की मौत के पीछे हत्या की आशंका व्यक्त की है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्राम मानौटा निवासी कृष्ण कांत और उनकी भाभी प्रियंका कुमारी 8 सितंबर से लापता थे। बताया गया कि घटना वाली रात करीब तीन बजे कृष्ण कांत ने अपने भाई पंकज कुमार से फोन पर बातचीत की थी। उसने बताया था कि वह और प्रियंका नदरई स्थित हजारा नहर के समीप मौजूद हैं और नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या करने जा रहे हैं। इसके बाद दोनों के मोबाइल फोन बंद हो गए।

दोनों के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने नहर के आसपास तलाश अभियान चलाया था। मौके से दोनों के पर्स, कपड़े, जेवरात, नकदी सहित अन्य सामान बरामद हुआ था। पुलिस के साथ पीएसी की फ्लड यूनिट ने भी नहर में काफी तलाश की, लेकिन उस समय दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका।

गुरुवार 17 सितंबर को एटा के मिरहची थाना क्षेत्र में हजारा नहर से दो शव दिखाई देने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकलवाया। पहचान की प्रक्रिया के बाद शव कृष्ण कांत और प्रियंका कुमारी के होने की पुष्टि हुई।

मिरहची थानाध्यक्ष विदेश राठी के अनुसार, दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और परिस्थितियों के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उधर, मृतकों के परिजनों ने आत्महत्या की आशंका के साथ-साथ हत्या की आशंका भी जताई है। फिलहाल दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

फाइल फोटो 

 

 

Spread the love

Check Also

बिसौली: जायंट्स सेवा सप्ताह की शुरुआत, महिला समूह ने लगाए छायादार व औषधीय पौधे।

जायंट्स सेवा सप्ताह की शुरुआत, महिला समूह ने लगाए छायादार व औषधीय पौधे। आई एम …