Breaking News

बदायूँ: राजस्व वादों के त्वरित निस्तारण के निर्देश, 18 सितंबर को तहसीलों में होगी मॉक एक्सरसाइज।

बदायूँ: राजस्व वादों के त्वरित निस्तारण के निर्देश, 18 सितंबर को तहसीलों में होगी मॉक एक्सरसाइज।

बदायूँ। कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी अवनीश राय की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड, आपदा एवं बाढ़ से संबंधित समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व न्यायालयों में लंबे समय से लंबित वादों को शीर्ष प्राथमिकता पर और निर्धारित समयसीमा के भीतर निपटाने के कड़े निर्देश दिए।

तहसीलवार लंबित राजस्व वादों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि धारा 34 के तहत बदायूँ में 1,951, बिसौली में 1,744, सहसवान में 1,333, दातागंज में 1,242 और बिल्सी में 1,152 समेत कुल 7,422 वाद लंबित हैं। इसी तरह धारा 24 के अंतर्गत बदायूँ में 242, दातागंज में 280, बिल्सी में 148, बिसौली में 213 और सहसवान में 74 मिलाकर कुल 957 वाद लंबित हैं। वहीं धारा 116 के अंतर्गत बदायूँ में 643, दातागंज में 420, बिसौली में 304, बिल्सी में 274 और सहसवान में 114 सहित कुल 1,755 वाद लंबित चल रहे हैं।

जिलाधिकारी ने सभी तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को निर्देशित किया कि 45 दिन से अधिक पुराने मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व मामलों के फैसलों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं होगी और हर स्तर पर इसकी प्रभावी मॉनिटरिंग की जाएगी।

सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा और रैंकिंग सुधारने पर जोर

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को निर्देश दिए कि वे डैशबोर्ड से जुड़े सभी कार्यों को तेजी से पूरा करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने विभागों के लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करें ताकि आगामी महीनों में जनपद की रैंकिंग में और अधिक सुधार लाया जा सके।

18 सितंबर को होगी आपदा प्रबंधन मॉक एक्सरसाइज

बैठक में आगामी 18 सितंबर को आयोजित होने वाली मॉक एक्सरसाइज की तैयारियों की भी व्यापक समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि भूकंप, रासायनिक गैस रिसाव और अग्नि सुरक्षा जैसी संभावित आपातकालीन आपदाओं से निपटने तथा जन-धन के नुकसान को न्यूनतम करने के लिए जनपद की सभी तहसीलों में यह अभ्यास किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को हिदायत दी कि वे निर्धारित समय पर पूरी मुस्तैदी के साथ मॉक एक्सरसाइज में भाग लें और आपदा से जुड़ी सभी राहत एवं बचाव तैयारियों को समय रहते पुख्ता कर लें।

Spread the love

Check Also

बहेड़ी: ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियां तेज, 17 सितंबर से गांव-गांव पहुंचेंगी सरकार की उपलब्धियां।

बहेड़ी: ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियां तेज, 17 सितंबर से गांव-गांव पहुंचेंगी सरकार की उपलब्धियां। …