Breaking News

बदायूं में एक नवंबर को लगेगा बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर, जनकल्याणकारी योजनाओं के लगेंगे स्टॉल।

बदायूं में एक नवंबर को लगेगा बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर, जनकल्याणकारी योजनाओं के लगेंगे स्टॉल।

बदायूं। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में एक नवंबर 2026 को बदायूं के डायट स्थित ऑडिटोरियम में बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल और प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इसके माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ विधिक सहायता एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव अंकित रस्तोगी ने बताया कि शिविर में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायमूर्ति की गरिमामयी उपस्थिति संभावित है। शिविर के आयोजन का उद्देश्य आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं और विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करना है।

शिविर की तैयारियों को लेकर मंगलवार को विकास भवन सभागार में जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार की अध्यक्षता में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें संबंधित विभागों को अपनी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए स्टॉल लगाने और आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम निर्धारित समय पर शुरू कराया जाए, ताकि शिविर में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

शिविर में खादी एवं ग्रामोद्योग, कृषि, उद्यान, पशु चिकित्सा, मत्स्य, पंचायती राज, माध्यमिक शिक्षा, बेसिक शिक्षा, अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक (एलडीएम), डूडा, नेडा, विद्युत, श्रम, खाद्य एवं रसद, समाज कल्याण, महिला कल्याण, प्रोबेशन, पुलिस, स्वास्थ्य, अग्निशमन और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) सहित विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

जिला विकास अधिकारी ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने और शौचालयों को क्रियाशील रखने के निर्देश दिए, जिससे शिविर में आने वाले लोगों को परेशानी न हो।

बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए सतेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीमौजूद रहे।

 

Spread the love

Check Also

संकट में बच्चों की मदद के लिए 1098, साइबर ठगी पर 1930; बहेड़ी में विद्यार्थियों को बताए कानूनी अधिकार।

विधिक जागरूकता शिविर में सिविल जज योगेश कुमार चौधरी ने दी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी, …