Breaking News

बिसौली: सपा प्रतिनिधिमंडल ने सीकरी गांव पहुंचकर जानी पुलिस बर्बरता की हकीकत, उच्चस्तरीय जांच की मांग।

सपा प्रतिनिधिमंडल ने सीकरी गांव पहुंचकर जानी पुलिस बर्बरता की हकीकत, उच्चस्तरीय जांच की मांग।

आई एम खान 

बिसौली: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, भारत सरकार के पूर्व प्रदेश कोऑर्डिनेटर सतीश प्रेमी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बिसौली विधानसभा क्षेत्र के थाना फैजगंज बेहटा अंतर्गत ग्राम सीकरी का दौरा किया। यह प्रतिनिधिमंडल गांव में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को लेकर हुए विवाद और उसके बाद पुलिस प्रशासन द्वारा कथित तौर पर की गई कार्रवाई से पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचा था।

दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ग्रामीणों, बुजुर्गों और महिलाओं से बातचीत कर पुलिस बर्बरता की जमीनी हकीकत जानी। उन्होंने घायलों की व्यथा सुनी और घरों में हुई तोड़फोड़ व नुकसान का जायजा लिया। इस मौके पर सतीश प्रेमी ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी इस मुश्किल समय में पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सतीश प्रेमी ने कहा कि पुलिस के पास स्थिति संभालने के लिए 7 से 8 घंटे का पर्याप्त समय था, लेकिन सूचना तंत्र की नाकामी के चलते समय पर विवाद का निपटारा नहीं किया जा सका। उन्होंने कहा कि यदि कुछ लोग दोषी थे, तो कानून के तहत केवल उन्हीं के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए थी, लेकिन सीकरी गांव में पुलिस ने क्रूरता की हदें पार करते हुए निर्दोष महिलाओं और घरों में खाना बना रही बच्चियों तक को नहीं बख्शा। उनके साथ मारपीट की गई और घरों में व्यापक तोड़फोड़ मचाई गई।

सपा नेता ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कई निर्दोष लोगों को भी जेल भेज दिया है और उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, निर्दोषों का उत्पीड़न तुरंत बंद हो और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

सतीश प्रेमी ने यह भी आश्वासन दिया कि इस पूरी घटना की रिपोर्ट राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, भारत सरकार को सौंपी जाएगी ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन सभी पक्षों के साथ उचित सामंजस्य बैठाकर आपसी सहमति से तय की गई जगह पर संविधान निर्माता बाबा साहब की प्रतिमा की स्थापना का कार्य जल्द पूरा करेगा।

इस दौरे के दौरान सतीश प्रेमी के साथ समाजवादी पार्टी बाबा साहब वाहिनी के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार जाटव, जिला पंचायत सदस्य एवं सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र दिवाकर, विधानसभा अध्यक्ष बाबा साहब वाहिनी अंटू सिंह सागर, विकास यादव, रविंद्र यादव, यशवीर यादव, कपिलदेव, कुलदीप सिंह और शाकिर हुसैन समेत कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

सहावर में बच्ची के लापता होने से मची अफरा-तफरी, कुछ ही देर में सकुशल बरामद।

सहावर में बच्ची के लापता होने से मची अफरा-तफरी, कुछ ही देर में सकुशल बरामद। …