Breaking News

बदायूं: 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, डीएम अवनीश राय की अध्यक्षता में हुई रूपरेखा तैयार।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, डीएम अवनीश राय की अध्यक्षता में हुई रूपरेखा तैयार।

बदायूं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में केंद्र सरकार द्वारा 17 सितंबर से एक महीने तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की जाएगी। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर आरंभ होने वाला यह विशेष अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरी तरह जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 07 अक्टूबर को अपने सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे कर रहे हैं। इस ऐतिहासिक दिन पर उनके प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ भी निकाली जाएगी, जो ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को आपस में जोड़ेगी। इसके तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न जनहितैषी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी अवनीश राय की अध्यक्षता में सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा तैयार करने को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास शर्मा और जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार सिंह समेत अन्य संबंधित विभागों के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मुहैया कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों में आयोजित होने वाले कैंपों की रूपरेखा इस प्रकार तैयार की जाए कि वहां ज्यादा से ज्यादा पात्र लाभार्थी उपस्थित हो सकें और उन्हें सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने निर्देश दिए कि सप्ताह में एक दिन ऐसा निश्चित किया जाए, जिसमें सभी संबंधित अधिकारी या उनके अधिकृत प्रतिनिधि अनिवार्य रूप से एक ही ग्राम पंचायत में मौजूद रहकर ग्रामीणों की समस्याओं का निस्तारण करें। इसके साथ ही, कैंप की तारीख और वहां मौजूद रहने वाले अधिकारियों के नाम पंचायत भवन की दीवारों पर चस्पा किए जाएं ताकि ग्रामीणों को पूरी जानकारी मिल सके।

डीएम ने जोर देते हुए कहा कि ग्राम चौपालों के जरिए ग्रामीणों की समस्याओं का प्रभावी और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी इससे वंचित न रहे, इसके लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर कार्य किया जाए तथा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों को योजनाओं के लिए आवेदन करने में किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए मौके पर ही उनके आवेदन फॉर्म भरवाए जाएं और संबंधित अधिकारी वहां मौजूद रहें। चौपालों की सफलता इसी बात पर निर्भर करती है कि समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान हो और कार्यों की निरंतर मॉनीटरिंग की जाए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि ग्राम पंचायतों में कैंप लगने के बाद इस बात की नियमित समीक्षा की जाए कि कितने पात्रों को योजनाओं का लाभ मिला और कितने मामलों का निस्तारण हुआ। इस प्रकार की सतत निगरानी से अभियान को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा और शासन की मंशा के अनुरूप अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सकेगा। बैठक के अंत में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके दायित्वों के प्रति सजग रहने के निर्देश दिए गए।

Spread the love

Check Also

शाहजहांपुर: दुराचार के मामले में आरोपी के बेटे का नाम हटाने के एवज में दो लाख की रिश्वत मांगने वाला दरोगा निलंबित।

शाहजहांपुर: दुराचार के मामले में आरोपी के बेटे का नाम हटाने के एवज में दो …