Breaking News

बरेली: उर्स-ए-रज़वी की तैयारियों को लेकर प्रशासन मुस्तैद, डीएम-एसएसपी ने इस्लामिया मैदान का किया निरीक्षण।

उर्स-ए-रज़वी की तैयारियों को लेकर प्रशासन मुस्तैद, डीएम-एसएसपी ने इस्लामिया मैदान का किया निरीक्षण।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। दरगाह आला हज़रत के आगामी उर्स-ए-रज़वी को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को गति दे दी है। शुक्रवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने अधिकारियों के साथ इस्लामिया मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण से जुड़े इंतजामों का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने मैदान में बनाए जाने वाले मंच, शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, वॉच टॉवर, बैरिकेडिंग और सीवर व्यवस्था की स्थिति देखी। प्रवेश और निकास मार्गों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने भीड़ के दबाव को देखते हुए आवागमन व्यवस्था तथा किसी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी के लिए उचित इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

नगर निगम से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर नगर आयुक्त संजीव मौर्य को साफ-सफाई समेत अन्य कार्य निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए गए। दरगाह कमेटी के पदाधिकारियों ने भी प्रशासन के सामने सफाई, पेयजल, रोशनी और सीवर से संबंधित समस्याएं रखीं। अधिकारियों ने इन समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया।

इसके बाद बिहारीपुर चौकी में प्रशासन और दरगाह पदाधिकारियों के बीच बैठक हुई। इसमें उर्स के दौरान कानून-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की भीड़, चादर जुलूस, यातायात संचालन और लंगर व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।

प्रशासन ने चादर जुलूसों को निर्धारित मार्ग से निकालने की अपील की। साथ ही जुलूसों में डीजे का इस्तेमाल नहीं करने को कहा गया। लंगर स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आयोजकों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए।

बैठक में हाजी जावेद खान, नासिर कुरैशी, अजमल नूरी और शाहिद नूरी ने जुलूस व लंगर से संबंधित तैयारियों की जानकारी दी। दरगाह की ओर से ताहिर अल्वी, मंजूर रजा, परवेज नूरी, औरंगजेब नूरी और नईम नूरी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारिख, पुलिस अधीक्षक यातायात अकमल खान समेत नगर निगम और विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि उर्स में आने वाले जायरीनों की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं दरगाह मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने प्रशासन की तैयारियों पर संतोष जताते हुए आयोजन को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।

Spread the love

Check Also

कासगंज: मथुरा-बरेली हाईवे पर अंडरपास की मांग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन; आंदोलन तेज करने की चेतावनी।

मथुरा-बरेली हाईवे पर अंडरपास की मांग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन; आंदोलन तेज करने की चेतावनी। …

error: Content is protected !!