Breaking News

गंजडुंडवारा: बारिश के बीच घर के बाहर से चार साल का बच्चा गायब, नाले में जेसीबी से चला सर्च ऑपरेशन।

बारिश के बीच घर के बाहर से चार साल का बच्चा गायब, नाले में जेसीबी से चला सर्च ऑपरेशन।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

गंजडुंडवारा, कासगंज। नगर के पूरब थोक मोहल्ले में घर के बाहर खेल रहा चार वर्षीय बच्चा अचानक लापता हो गया। मासूम के गायब होने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस ने तलाश शुरू कराई और कासगंज से डॉग स्क्वायड बुलाया गया। नाले के आसपास बच्चे की तलाश के लिए जेसीबी से सफाई अभियान भी चलाया गया, लेकिन देर शाम तक मासूम का कोई पता नहीं चल सका।

पूरब थोक निवासी चांद मियां का चार वर्षीय पुत्र नवजुल बुधवार दोपहर करीब दो बजे घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते दूसरे बच्चे अपने-अपने घर चले गए, लेकिन नवजुल घर नहीं पहुंचा। कुछ समय बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

बताया गया कि बच्चे को अंतिम बार मोहल्ले के समीप नाले की पुलिया के आसपास देखा गया था। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

गुरुवार को क्षेत्राधिकारी अमित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बच्चे की तलाश के लिए कासगंज से डॉग स्क्वायड बुलाया गया। टीम ने आसपास के इलाकों में छानबीन की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला।

नाले में बच्चे के गिरने की आशंका को देखते हुए पुलिस के निर्देश पर स्थानीय लोगों ने भी नाले में उतरकर तलाश की। सफलता न मिलने पर नगर पालिका की जेसीबी मशीन मंगाई गई और नाले की सफाई कराते हुए तलाशी अभियान चलाया गया। देर शाम तक पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग बच्चे की तलाश में जुटे रहे।

मासूम के अचानक लापता होने से मोहल्ले में चिंता का माहौल बना हुआ है। परिजन लगातार बच्चे की सकुशल बरामदगी की उम्मीद लगाए हुए हैं। पुलिस मामले की जांच करते हुए सभी संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चला रही है। समाचार लिखे जाने तक नवजुल का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

 

 

Spread the love

Check Also

बिसौली: कांवड़ मार्ग पर मांस-मछली और शराब की बिक्री पर रोक की मांग, प्रशासन ने बताया सुरक्षा इंतजाम।

कांवड़ मार्ग पर मांस-मछली और शराब की बिक्री पर रोक की मांग, प्रशासन ने बताया …

error: Content is protected !!