Breaking News

बरेली कॉलेज के अस्थाई कर्मचारियों का अल्टीमेटम, मांगें नहीं मानीं तो 14 अगस्त से भूख हड़ताल।

बरेली कॉलेज के अस्थाई कर्मचारियों का अल्टीमेटम, मांगें नहीं मानीं तो 14 अगस्त से भूख हड़ताल।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। बरेली कॉलेज में लंबे समय से कार्यरत अस्थाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है। कर्मचारी कल्याण सेवा समिति के नेतृत्व में कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपकर 10 अगस्त तक मांगों पर निर्णय लेने की मांग की है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय तक समाधान नहीं होने पर 14 अगस्त से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।

समिति अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में पहुंचे कर्मचारियों ने कहा कि वे लंबे समय से कॉलेज में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें स्थायी दर्जा नहीं मिल पाया है। कर्मचारियों ने बरेली कॉलेज को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिए जाने के साथ ही कार्यरत अस्थाई कर्मचारियों के विनियमितीकरण और रिक्त पदों पर समायोजन की मांग उठाई।

ज्ञापन में कर्मचारियों ने सहायक श्रमायुक्त बाल गोविंद द्वारा 17 जुलाई 2026 को जारी आदेश, पत्रांक 5332/33/R2026, का अनुपालन कराने की भी मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि श्रम विभाग की ओर से आदेश जारी होने के बावजूद अभी तक उस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।

कर्मचारियों ने सरकार और कॉलेज प्रबंधन को 10 अगस्त तक का समय दिया है। उनका कहना है कि इस अवधि में मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 14 अगस्त से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। कर्मचारियों ने आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति के लिए सरकार और बरेली कॉलेज प्रबंध समिति को जिम्मेदार ठहराया है।

ज्ञापन देने वालों में जितेंद्र मिश्रा, हरीश चंद्र मौर्य समेत बड़ी संख्या में अस्थाई कर्मचारी शामिल रहे। कर्मचारियों की चेतावनी के बाद कॉलेज में प्रस्तावित आंदोलन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Spread the love

Check Also

बिसौली: कांवड़ मार्ग पर मांस-मछली और शराब की बिक्री पर रोक की मांग, प्रशासन ने बताया सुरक्षा इंतजाम।

कांवड़ मार्ग पर मांस-मछली और शराब की बिक्री पर रोक की मांग, प्रशासन ने बताया …

error: Content is protected !!