Breaking News

सहसवान: तालाब पाटकर प्लॉटिंग से जलभराव का मंडराया खतरा: सहसवान में मोहल्लेवासियों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन।

तालाब पाटकर प्लॉटिंग से जलभराव का मंडराया खतरा: सहसवान में मोहल्लेवासियों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन।

सहसवान (बदायूं): नगर के मोहल्ला शहबाजपुर में तालाब को पाटकर की जा रही प्लॉटिंग के चलते गंभीर जलभराव की समस्या खड़ी हो गई है। प्राकृतिक जल निकास बाधित होने से परेशान मोहल्ले वासियों ने उपजिलाधिकारी के नाम संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार राकेश कुमार को सौंपकर तत्काल रोक लगाने व सख्त कार्रवाई की मांग की है।

एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में मोहल्ले वासियों ने बताया कि शहबाजपुर में तकिया कब्रिस्तान के पीछे एक पुराना तालाब स्थित था, जिसमें मोहल्ले की लगभग आधी आबादी के घरों का गंदा पानी एकत्र होता था। आरोप है कि कुछ प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा इस तालाब को मिट्टी से पाटकर अवैध रूप से प्लॉटिंग की जा रही है, जिसके कारण गंदे पानी का प्राकृतिक निकास पूरी तरह से बंद हो गया है और दूषित पानी सड़कों पर फैलने लगा है।

स्थानीय लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि वर्तमान में बरसात का मौसम चल रहा है और यदि जल निकास की समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो हालात और अधिक भयावह हो जाएंगे। बारिश और गंदा पानी लोगों के घरों के भीतर तक घुसने लगेगा, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाएगा और क्षेत्र में संक्रामक बीमारियां फैलने का गंभीर खतरा पैदा हो जाएगा।

मोहल्ले वासियों ने रोष जताते हुए कहा कि नगर पालिका परिषद द्वारा अवैध कॉलोनियों और प्लॉटिंग पर रोक के निर्देश होने के बावजूद नियमों को ताक पर रखकर तालाबों को पाटने का सिलसिला धड़ल्ले से जारी है। हालांकि, स्थानीय लोगों ने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी की निजी प्लॉटिंग या कारोबार से कोई आपत्ति नहीं है, बल्कि उनकी मुख्य मांग यह है कि प्लॉटिंग स्थल पर निर्माण या बिक्री से पहले गंदे पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मोहल्ले वासियों ने मांग की है कि जब तक जल निकास की स्थायी और पुख्ता व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक संबंधित प्लॉटिंग के कार्य पर रोक लगाई जाए। तहसीलदार राकेश कुमार ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए मामले में नियमानुसार उचित और त्वरित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इस दौरान वासिफ हुसैन, सभासद नासिर अली, हाफिज नदीम, विकार हुसैन, तनवीर, मुजीब सलमानी, शरीफ अहमद, नफीस अहमद, जफर खान, नाजिम और फकीर मोहम्मद सहित बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौजूद रहे।

 

Spread the love

Check Also

कासगंज में कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट: एसपी ने गंगा घाट और रूट का किया निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश।

कासगंज में कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट: एसपी ने गंगा घाट और …

error: Content is protected !!