Breaking News

बरेली: ₹2,000 मानदेय में गुजारा होना नामुमकिन, समूह सखियों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर की मानदेय बढ़ाने की मांग।

बरेली: ₹2,000 मानदेय में गुजारा होना नामुमकिन, समूह सखियों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर की मानदेय बढ़ाने की मांग।

संवाददाता: मोहम्मद वसीम

बरेली। बरेली जिले की समूह सखियों ने मानदेय में भारी बढ़ोतरी और अन्य विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा है। उनका कहना है कि वर्तमान समय में मिलने वाला ₹2,000 प्रतिमाह का मानदेय महंगाई के इस दौर में बेहद अपर्याप्त है। ब्लॉक स्तर पर आने-जाने और यात्रा करने में ही पूरा खर्च निकल जाता है, जिसके चलते उनके लिए अपने परिवार का भरण-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है।

लक्ष्मी देवी, ज्योति, शब्बो, गीता देवी, विमलेश और गुड्डी देवी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन के सामने अपनी प्रमुख मांगें रखीं। उन्होंने मांग की है कि उनका मानदेय बढ़ाकर ₹18,000 प्रतिमाह किया जाए और इस राशि को सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाए। समूह सखियों ने यह भी पीड़ा जताई कि विभागीय कार्यों के संचालन के लिए उन्हें अपने निजी स्मार्टफोन और खुद के पैसों से मोबाइल रिचार्ज का उपयोग करना पड़ता है।

ज्ञापन के माध्यम से यह भी मांग की गई कि समूह सखियों को आधिकारिक पहचान पत्र जारी किए जाएं, सरकार की तरफ से स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जाएं, उन्हें सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए, प्रशिक्षण का बकाया भत्ता सीधे उनके खातों में भेजा जाए और कोटेदारों तथा पंचायत सहायकों को उनके कार्य में सहयोग करने के निर्देश दिए जाएं।

प्रदर्शन के दौरान समूह सखियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी इन जायज मांगों पर जल्द ही कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे आगे चलकर बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान भूरी, सीमा, क्रांति, पुष्पा, यशोदा, विद्या देवी, गीता, दीक्षा और बबली सहित भारी संख्या में समूह सखियां मौजूद रहीं।

Spread the love

Check Also

सहसवान: लंबे समय तक पेट की परेशानी को न करें नजरअंदाज, हो सकती है क्रॉनिक कोलाइटिस: डॉ. अमोल गुप्ता।

लंबे समय तक पेट की परेशानी को न करें नजरअंदाज, हो सकती है क्रॉनिक कोलाइटिस: …