Breaking News

गंजडुंडवारा: जर्जर सड़क के कारण पलटा ई-रिक्शा, प्रशासनिक उदासीनता से स्थानीय लोगों में आक्रोश

गंजडुंडवारा: जर्जर सड़क के कारण पलटा ई-रिक्शा, प्रशासनिक उदासीनता से स्थानीय लोगों में आक्रोश।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

गंजडुंडवारा (कासगंज)। नगर के मुख्य मार्गों की बदहाली का दंश अब आमजन को भारी पड़ने लगा है। गुरुवार शाम थाना रोड स्थित बान मंडी तिराहे के समीप सड़क के गहरे गड्ढों के कारण एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। ई-रिक्शा पर लोहे की टीन और पाइप लदे थे, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका थी, लेकिन गनीमत रही कि चालक बाल-बाल बच गया।

हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदार और राहगीर फौरन मदद के लिए दौड़े। इसी दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने भी तत्परता दिखाई और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर ई-रिक्शा को सीधा किया। सड़क के गड्ढों में फंसे वाहन को निकालने के दौरान वहां भारी भीड़ जमा हो गई।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह मार्ग नगर का सबसे महत्वपूर्ण रास्ता है। इसी मार्ग पर थाना, सरकारी अस्पताल और कई प्रतिष्ठित विद्यालय स्थित हैं, जहाँ से रोजाना सैकड़ों स्कूली बच्चे, एम्बुलेंस और भारी वाहनों का आवागमन होता है। मार्ग पूरी तरह टूट चुका है और गहरे गड्ढों में तब्दील हो गया है, जिसके चलते आए दिन बाइक सवार और ई-रिक्शा चालक चोटिल हो रहे हैं।

लोगों ने बताया कि सड़क की खस्ताहाल स्थिति को लेकर कई बार नगर पालिका प्रशासन को लिखित और मौखिक शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन हर बार उन्हें कोरे आश्वासन ही मिले। नगर पालिका प्रशासन की इस उदासीनता के चलते स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। आम नागरिकों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर इस सड़क का तत्काल निर्माण कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में होने वाले किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

Spread the love

Check Also

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया संकल्प।

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया …

error: Content is protected !!