Breaking News

सहसवान: शक के उन्माद में पति बना हैवान, जीवनसंगिनी को उतारा मौत के घाट; हत्या के बाद आरोपी ने कोतवाली में किया आत्मसमर्पण।

सांकेतिक चित्र 

शक के उन्माद में पति बना हैवान, जीवनसंगिनी को उतारा मौत के घाट; हत्या के बाद आरोपी ने कोतवाली में किया आत्मसमर्पण।

चार मासूमों के सिर से उठा ममता का साया। 

सहसवान (बदायूं)। कलयुगी रिश्तों और घरेलू हिंसा का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम हरिनगला में एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी के चरित्र पर लांछन लगाते हुए उसकी लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खूनी खेल को अंजाम देने के बाद आरोपी ने भागने या छिपने का प्रयास नहीं किया, बल्कि वह सीधे खुद चलकर स्थानीय कोतवाली पहुंचा और कानून के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। आधी रात को आरोपी के मुंह से जुर्म की यह दास्तान सुनकर थाने में तैनात पुलिसकर्मी भी स्तब्ध रह गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम हरिनगला निवासी भगवान दास (35 वर्ष) पुत्र ऋषिपाल का विवाह लगभग आठ वर्ष पूर्व कादरचौक थाना क्षेत्र के ग्राम ताडनगला निवासी सीमा के साथ संपन्न हुआ था। दांपत्य जीवन के इस सफर में दोनों के चार मासूम बच्चे भी हुए। ग्रामीणों और पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, भगवान दास गंभीर रूप से मादक पदार्थों के सेवन का आदी था और इसी लत के चलते वह अक्सर अपनी पत्नी की निष्ठा पर अकारण संदेह करता था। इसी अविश्वास के कारण घर में आए दिन कलह की स्थिति बनी रहती थी और आरोपी अक्सर सीमा के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट किया करता था।

बताया जाता है कि बीती रात्रि भी इसी पारिवारिक विवाद ने अचानक बेहद उग्र रूप धारण कर लिया। नशे की हालत में आपे से बाहर हुए भगवान दास ने सीमा पर जानलेवा हमला कर दिया और तड़पती हुई पत्नी पर तब तक प्रहार किए, जब तक कि उसकी सांसें पूरी तरह थम नहीं गईं। पत्नी के निष्प्राण होते ही आरोपी आधी रात को ही खुद चलकर कोतवाली पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस टीम ने रात में ही मौके पर पहुंचकर मृतका के शव को अपने नियंत्रण में लिया। सुबह वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करते हुए पंचनामा भरकर शव को चिकित्सीय परीक्षण यानी पोस्टमार्टम हेतु जिला मुख्यालय भेज दिया गया।

इस वीभत्स हत्याकांड के बाद से पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस घटना से हतप्रभ है। किसी ग्रामीण द्वारा दूरभाष पर दी गई सूचना के बाद मृतका के मायके पक्ष के लोग रोते-बिलखते हुए सीधे जिला मुख्यालय स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहाँ परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। समाचार लिखे जाने तक मृतका के परिजनों द्वारा पुलिस को तहरीर नहीं सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर मिलते ही सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!