Breaking News

गढ़ी पुलिस चौकी का भव्य उद्घाटन, कानून-व्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती।

गढ़ी पुलिस चौकी का भव्य उद्घाटन, कानून-व्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती।

संवाददाता, मोहम्मद कमर 

लखीमपुर खीरी। जनपद के थाना कोतवाली सदर क्षेत्र के अंतर्गत नव निर्मित गढ़ी पुलिस चौकी का बुधवार को भव्य उद्घाटन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग द्वारा फीता काटकर एवं विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया गया। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों तथा स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

इस अवसर पर सदर विधायक योगेश वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम, एएसपी/क्षेत्राधिकारी सदर विवेक तिवारी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह का माहौल देखने को मिला।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि नवनिर्मित गढ़ी पुलिस चौकी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि चौकी के संचालन से आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध होगी तथा अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।

उन्होंने आगे कहा कि पुलिस विभाग का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जनता के बीच विश्वास और सुरक्षा का वातावरण स्थापित करना भी है। गढ़ी पुलिस चौकी स्थानीय नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान, शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का केंद्र बनेगी।

सदर विधायक योगेश वर्मा ने भी नव निर्मित चौकी को क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि इससे आम लोगों को सुरक्षा की बेहतर सुविधा मिलेगी तथा पुलिस और जनता के बीच समन्वय और अधिक मजबूत होगा।

उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने चौकी परिसर का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने नई चौकी के निर्माण पर खुशी जताई और इसे क्षेत्र की सुरक्षा के लिए एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम बताया।

 

 

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!