Breaking News

विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही: नई सराय में तीन दिन से ज़मीन पर टूटी पड़ी है हाईवोल्टेज केबल, कई लोगों को लग चुका हैं करंट, इलाके में दहशत। 

विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही: नई सराय में तीन दिन से ज़मीन पर टूटी पड़ी है हाईवोल्टेज केबल, कई लोगों को लग चुका हैं करंट, इलाके में दहशत। 

संवाददाता, शैलेन्द्र सिंह 

बदायूं। शहर के मोहल्ला नई सराय क्षेत्र में बिजली विभाग की एक बेहद खतरनाक और संवेदनहीन लापरवाही सामने आई है। यहाँ के बर्फ खाने वाली गली में पिछले तीन दिनों से एक विद्युत केबल टूटकर जमीन पर लावारिस हालत में पड़ी हुई है। इस चालू लाइन की चपेट में आने से अब तक कई स्थानीय राहगीर और निवासी करंट का झटका खा चुके हैं, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। भीषण गर्मी के इस मौसम में एक तरफ जहाँ लोग करंट के खौफ से घरों में दुबकने को मजबूर हैं, वहीं दूसरी तरफ इस खराबी के कारण बिजली गुल होने से क्षेत्र में पानी का गंभीर संकट भी खड़ा हो गया है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि हाल ही में आई तेज आंधी के दौरान यह केबल टूटकर सड़क पर गिर गई थी। अनहोनी की आशंका को देखते हुए मोहल्ले वासियों ने तुरंत पीआरवी 112 को फोन कर मामले की जानकारी दी थी। सूचना पर पुलिस टीम और बिजली विभाग के कुछ कर्मचारी मौके पर पहुंचे जरूर, लेकिन वे जमीन पर दौड़ रहे इस मौत के जाल को वैसे ही छोड़ कर वापस चले गए। आज तीन दिन बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। क्षेत्र के पीड़ित नागरिकों का कहना है कि उन्होंने अवर अभियंता (जेई) से लेकर अधिशासी अभियंता (एक्सियन) तक बिजली विभाग के तमाम बड़े अधिकारियों के दरवाजे खटखटाए और बार-बार गुहार लगाई, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है।

बिजली आपूर्ति ठप होने की वजह से इस तपती गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का हाल बेहाल है। घरों में इनवर्टर जवाब दे चुके हैं और पीने के पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। मोहल्ले के लोगों ने बिजली विभाग के रवैये पर तीखा आक्रोश जताते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि विभाग के अधिकारी किसी बड़ी और जानलेवा दुर्घटना के होने का इंतजार कर रहे हैं। आक्रोशित जनता ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द इस टूटी केबल को हटाकर नई लाइन चालू नहीं की गई और क्षेत्र की बिजली-पानी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई, तो स्थानीय लोग सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!