Breaking News

सहसवान: होली चौक और सती मठ की भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास से भड़के मोहल्ला वासी, संपूर्ण समाधान दिवस में पैमाइश की मांग।

होली चौक और सती मठ की भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास से भड़के मोहल्ला वासी, संपूर्ण समाधान दिवस में पैमाइश की मांग।

संवाददाता, शैलेन्द्र सिंह 

सहसवान (बदायूँ)। तहसील क्षेत्र के मोहल्ला अकवराबाद में पारंपरिक रास्ते, होली चौक और धार्मिक स्थल की भूमि पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध कब्जे की कोशिश का मामला गरमा गया है। इस घटना को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। शनिवार को क्षेत्र के दर्जनों ग्रामीणों ने संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों को एक सामूहिक शिकायती पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने विवादित स्थल की अविलंब सरकारी पैमाइश कराने और सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त सुरक्षित घोषित करने की पुरजोर मांग की है, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।

प्रशासन को सौंपे गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, मोहल्ला अकवराबाद परगना व तहसील सहसवान के अंतर्गत डकारा पुख्ता हरदत्तपुर तिराहे से उत्तर दिशा की ओर मोहल्ले के भीतर वर्षों पुराने सती माता के कई मठ स्थापित हैं। इन मठों के ठीक सामने होली चौक की पारंपरिक जगह है, जहाँ पीढ़ियों से होली जलाई जाती है और इसी के बराबर से मोहल्ले का मुख्य सार्वजनिक रास्ता भी गुजरता है। मोहल्ला वासियों का आरोप है कि पड़ोस के ही कुछ अवांछित तत्व इस पूरे सार्वजनिक और धार्मिक स्थल पर अवैध निर्माण कर उसे हड़पने की फिराक में लगे हुए हैं, जिससे रास्ता और धार्मिक स्थल दोनों पूरी तरह बाधित होने की कगार पर हैं।

शिकायत के मुताबिक, शनिवार की सुबह करीब आठ बजे कुछ लोगों ने कुल्हाड़ी और फावड़े लेकर इस सार्वजनिक रास्ते, होली चौक और सती मठ की जमीन पर जबरन नींव खोदने का प्रयास किया। इसकी भनक लगते ही मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में एकजुट होकर मौके पर पहुंच गए और उन्होंने पुरजोर विरोध करते हुए अवैध निर्माण कार्य को बीच में ही रुकवा दिया।

एकजुटता और कड़े तेवर को देखकर कब्जा करने आए लोगों को पीछे हटना पड़ा, जिससे मौके पर होने वाला एक बड़ा विवाद टल गया। घटना के बाद पूरन सिंह, राधेश्याम, किशनपाल, हरीराम, राम भरोसे, धनपाल, ओमकार, चन्द्रपाल, दानवीर, ऋषि पाल, सुनील, जीवनलाल, हुकमसिंह, मुकेश, राजकुमार, भूरे और नेतराम सहित तमाम निवासियों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस संवेदनशील मामले में त्वरित और निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक व धार्मिक संपत्तियों को हमेशा के लिए सुरक्षित किया जाए।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध तमंचा मिलने से फैली सनसनी।

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध …