Breaking News

कासगंज में पर्यटन को लगेंगे पंख, मंत्री जयवीर सिंह ने किया 22 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास।

कासगंज में पर्यटन को लगेंगे पंख, मंत्री जयवीर सिंह ने किया 22 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

कासगंज। जनपद के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को वैश्विक पटल पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को जनपद का एक दिवसीय दौरा किया। अपने प्रवास के दौरान मंत्री ने सबसे पहले भगवान वराह मंदिर में मत्था टेककर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने तीर्थ नगरी सोरों और आसपास के क्षेत्रों के लिए कुल 22 करोड़ 22 लाख 22 हजार रुपए की लागत वाली विभिन्न पर्यटन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर विकास कार्यों का शंखनाद किया। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों के सुदृढ़ीकरण से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार भी खुलेंगे।

विकास योजनाओं का विवरण साझा करते हुए मंत्री ने बताया कि तीर्थ नगरी सोरों के पवित्र घाटों, छतरियों के सौंदर्यीकरण, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था और पर्यटक सुविधा केंद्रों के निर्माण के लिए 1510.87 लाख रुपए की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की गई है, जिसमें से आधी धनराशि जारी भी की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त दरियावगंज झील को ईको-पर्यटन के रूप में विकसित करने और सोरों-शूकर क्षेत्र के संपर्क मार्गों पर साइन बोर्ड लगाने जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं पर भी कार्य शुरू हो गया है। इन परियोजनाओं में सीता माता मंदिर और बाबा बालकनाथ मठी का सौंदर्यीकरण भी शामिल है, जिससे श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकेंगी।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री जयवीर सिंह ने विपक्षी दलों, विशेषकर समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मीडिया से बातचीत में सपा सांसद और नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री व ब्राह्मण समाज के खिलाफ की गई टिप्पणियों की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए सपा को सनातन विरोधी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने हमेशा सनातन संस्कृति को कुचलने का काम किया, जबकि वर्तमान सरकार आस्था के केंद्रों को उनका खोया हुआ गौरव वापस दिला रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाले नेताओं पर कानूनी शिकंजा कसा जा रहा है और किसी भी वर्ग या जाति को निशाना बनाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया संकल्प।

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया …

error: Content is protected !!