Breaking News

लखीमपुर खीरी: नीट परीक्षा के बाद तनाव में छात्र ने दी जान, फंदे से लटका मिला इकलौते बेटे का शव।

लखीमपुर खीरी: नीट परीक्षा के बाद तनाव में छात्र ने दी जान, फंदे से लटका मिला इकलौते बेटे का शव।

संवाददाता, मोहम्मद कमर 

लखीमपुर खीरी। शहर के नौरंगाबाद स्थित गंगोत्री नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ नीट की परीक्षा देकर लौटे एक छात्र का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान रितिक मिश्रा पुत्र अनूप मिश्रा, निवासी कटौली के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रितिक का परिवार वर्तमान में पैतृक गांव कटौली में रहता है, लेकिन वह कभी-कभी शहर वाले मकान पर रुकने आता था। बुधवार को वह गांव से लखीमपुर स्थित मकान पर आया था। गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे तक जब उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो वहां रह रहे किरायेदारों को संदेह हुआ। परिजनों को सूचना दिए जाने के बाद जब पिता अनूप मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर कमरे का ताला तोड़ा, तो अंदर बेटे का शव फंदे से लटका देख परिवार में कोहराम मच गया।

बताया जा रहा है कि रितिक ने बीते 3 मई को कानपुर में नीट की परीक्षा दी थी और वह डॉक्टर बनने का सपना देख रहा था। पड़ोसियों और परिचितों के अनुसार, परीक्षा के बाद से ही वह पेपर लीक की खबरों और दोबारा परीक्षा होने की चर्चाओं को लेकर गहरे मानसिक तनाव में था। रितिक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी मौत से पूरे गांव व मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है। लोगों का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं के बढ़ते दबाव और अनिश्चितता ने होनहार छात्र को इस आत्मघाती कदम के लिए मजबूर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही सदर कोतवाल राजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के सटीक कारणों और परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। इस दुखद घटना ने एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और उन पर पड़ने वाले दबाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!