Breaking News

बदायूं: सामूहिक विवाह समारोह में 691 जोड़े बने हमसफर, नवदंपतियों पर हुई पुष्पवर्षा।

सामूहिक विवाह समारोह में 691 जोड़े बने हमसफर, नवदंपतियों पर हुई पुष्पवर्षा।

बदायूं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को जनपद में दो स्थानों पर विवाह समारोह आयोजित किए गए। हाफिज सिद्दीक इस्लामिया इंटर कॉलेज, बदायूं तथा विकासखंड अम्बियापुर में आयोजित कार्यक्रमों में कुल 691 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इनमें हिंदू रीति-रिवाज से विवाह तथा मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया।

बदायूं में आयोजित समारोह में 408 हिंदू जोड़ों ने सात फेरे लिए, जबकि 21 मुस्लिम जोड़ों का निकाह हुआ। यहां कुल 429 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। वहीं बिल्सी में 255 हिंदू जोड़ों का विवाह और सात मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया। इस तरह दोनों आयोजनों को मिलाकर जिले में 691 जोड़ों ने नई गृहस्थी की शुरुआत की।

योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को कुल एक लाख रुपये की सहायता का लाभ दिया जाता है। इसमें 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री, 15 हजार रुपये आयोजन पर खर्च तथा शेष 64 हजार रुपये की धनराशि वधू के खाते में भेजी जाती है।

समारोह के मुख्य अतिथि भारत सरकार में राज्यमंत्री, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के राज्यमंत्री बीएल वर्मा रहे। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सामूहिक विवाह केवल वैवाहिक रस्मों तक सीमित आयोजन नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के लिए नई उम्मीद और खुशियों का अवसर है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से ऐसे परिवारों को विवाह संबंधी आर्थिक चिंता से राहत मिल रही है।

जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विवाह के बाद जीवन में नई जिम्मेदारियां शुरू होती हैं। उन्होंने दंपतियों से एक-दूसरे का साथ जीवनभर निभाने और विपरीत परिस्थितियों में भी आपसी विश्वास बनाए रखने का आह्वान किया।

सदर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नवदंपतियों से एक-दूसरे के परिवारों के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का भाव रखने की अपील की।

बिल्सी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित समारोह में विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से अनेक परिवारों के बच्चों का विवाह संपन्न हो रहा है। उन्होंने नवविवाहित दंपतियों के सुखद, समृद्ध और खुशहाल वैवाहिक जीवन की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान प्रतीकात्मक रूप से कुछ नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाण पत्र और उपहार सामग्री प्रदान की गई। अतिथियों एवं अधिकारियों ने नवदंपतियों पर पुष्पवर्षा कर उनके सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अवनीश राय, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा, संबंधित खंड विकास अधिकारी, एमएलसी बागीश पाठक के प्रतिनिधि शारदेंदू पाठक, दीपमाला गोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

शाहजहांपुर: मानदेय में विसंगतियां दूर करने की मांग, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने कलेक्ट्रेट में सौंपा ज्ञापन।

मानदेय में विसंगतियां दूर करने की मांग, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने कलेक्ट्रेट में सौंपा ज्ञापन। मुबारक …