Breaking News

राप्ती नदी में डूबे मासूम का तीसरे दिन भी नहीं चला पता, एनडीआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, परिजनों में मचा कोहराम।

राप्ती नदी में डूबे मासूम का तीसरे दिन भी नहीं चला पता, एनडीआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, परिजनों में मचा कोहराम।

संवाददाता, गुलाम नवी कुरैशी 

बलरामपुर। कोतवाली उतरौला क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत महुआ धनी के सुराहियां देवर गांव में तीन दिन पूर्व राप्ती नदी में डूबे 9 वर्षीय बालक बृजेश कुमार का काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। स्थानीय प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें लगातार नदी की लहरों को चीरते हुए बच्चे की तलाश कर रही हैं, लेकिन अभी तक सफलता हाथ नहीं लगी है। नदी के किनारे खेल रहे मासूम के अचानक डूब जाने से गांव में मातम पसरा हुआ है और पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, रक्षा राम का पुत्र बृजेश कुमार राप्ती नदी के किनारे अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी की तेज धारा में ओझल हो गया। बच्चों द्वारा शोर मचाने पर भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और स्थानीय स्तर पर तलाश शुरू की, लेकिन बच्चे का कोई अता-पता नहीं चला। घटना की गंभीरता को देखते हुए यूपी 112 पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद एसडीएम उतरौला मनोज कुमार सरोज, कोतवाल अवधेश राज सिंह और लेखपाल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और नावों की मदद से देर शाम तक रेस्क्यू चलाया गया, लेकिन कोई नतीजा न निकलने पर एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया।

एसडीएम उतरौला मनोज कुमार सरोज ने बताया कि मंगलवार सुबह से ही एनडीआरएफ की टीम को रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया है। टीम नदी के बहाव की दिशा में हर संभव स्थान पर तलाशी ले रही है। इधर, तीन दिन बीत जाने के बाद भी बच्चे का कोई पता न चलने से परिजन पूरी तरह बेबस और लाचार नजर आ रहे हैं। ग्रामीण लगातार पीड़ित परिवार को सांत्वना देकर ढांढस बंधा रहे हैं। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि जब तक बच्चे का सुराग नहीं लग जाता, तलाशी अभियान पूरी सक्रियता के साथ जारी रहेगा। नदी में डूबे बच्चे की तलाश में पूरा प्रशासनिक अमला और बचाव दल मुस्तैदी से जुटा हुआ है।

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!