Breaking News

मेड़बंदी में लापरवाही पर DM का चाबुक: कलान के राजस्व निरीक्षक निलंबित, एक साल से लटकाया था मामला।

मेड़बंदी में लापरवाही पर DM का चाबुक: कलान के राजस्व निरीक्षक निलंबित, एक साल से लटकाया था मामला।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहाँपुर। सरकारी कार्य में शिथिलता और जनता की शिकायतों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। तहसील कलान के ग्राम दोषपुर नगर में भूमि मेड़बंदी के एक प्रकरण को एक वर्ष तक लटकाए रखने और लापरवाही बरतने के आरोप में डीएम ने संबंधित राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।

जनता दर्शन में खुला लापरवाही का मामला

मामला मंगलवार को उस समय प्रकाश में आया जब ग्राम दोषपुर नगर निवासी आदेश कुमार ने विकास भवन में आयोजित जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी से मुलाकात की। प्रार्थी ने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि उसने खसरा संख्या 79क (रकबा 0.162 हेक्टेयर) की मेड़बंदी के लिए न्यायालय में विधिवत प्रार्थना पत्र दिया था। क्षेत्रीय कानूनगो रामकुमार श्रीवास्तव ने मौके पर जाकर कच्ची तूदांबदी तो कर दी, लेकिन इसके बाद आज तक मेड़बंदी की पत्रावली न्यायालय में दाखिल नहीं की। पत्रावली लंबित होने के कारण कानूनी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।

विपक्षियों के निर्माण और मारपीट की शिकायत

पीड़ित आदेश कुमार ने जिलाधिकारी को यह भी बताया कि इस ढिलाई का फायदा उठाकर विपक्षी पक्ष गुरुदेव, सुखदेव और कंचन जबरन विवादित भूमि पर नींव खोद रहे हैं। जब प्रार्थी ने इसका विरोध किया, तो विपक्षी मारपीट और विवाद पर उतारू हो गए। पीड़ित का आरोप है कि वह पिछले एक साल से अधिकारियों के चक्कर काट रहा था, लेकिन कानूनगो स्तर पर फाइल दबी होने के कारण उसे न्याय नहीं मिल पा रहा था।

डीएम के सख्त निर्देश

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेड़बंदी जैसे संवेदनशील मामलों में देरी से न केवल जनता को परेशानी होती है, बल्कि शांति व्यवस्था भी भंग होने का खतरा रहता है। जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए दोषी राजस्व निरीक्षक रामकुमार श्रीवास्तव के निलंबन के निर्देश जारी किए। साथ ही पूरे प्रकरण की गहन जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!