Breaking News

शाहजहाँपुर पुलिस की नई पहल: अब थाने नहीं, शिकायतकर्ता के द्वार पहुँचेगी पुलिस, एक दिन में 30 मामलों का निपटारा।

शाहजहाँपुर पुलिस की नई पहल: अब थाने नहीं, शिकायतकर्ता के द्वार पहुँचेगी पुलिस, एक दिन में 30 मामलों का निपटारा।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहाँपुर। जनशिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और तेजी लाने के लिए पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने एक विशेष अभियान का आगाज़ किया है। इस नई व्यवस्था के तहत अब फरियादियों को अपनी शिकायतों के लिए बार-बार थाने या पुलिस कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, बल्कि पुलिस अधिकारी स्वयं शिकायतकर्ता के घर जाकर उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे। अभियान के पहले ही दिन शाहजहाँपुर पुलिस ने जिले भर में मौके पर पहुँचकर कुल 30 शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया है।

अधिकारियों की जिम्मेदारी तय, मौके पर होगा फीडबैक

एसपी सौरभ दीक्षित के निर्देशन और एएसपी ग्रामीण व एएसपी नगर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य आईजीआरएस (IGRS) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना है। नई व्यवस्था के अनुसार, प्रत्येक क्षेत्राधिकारी (CO) को अपने सर्किल में प्रतिदिन कम से कम एक स्थान और प्रत्येक थाना प्रभारी (SHO) को अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर स्थलीय निरीक्षण करना अनिवार्य होगा। पुलिस टीमें मौके पर जाकर दोनों पक्षों से बात कर रही हैं और उनका फीडबैक लेकर शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर मामलों को बंद कर रही हैं।

फरियादियों को मिलेगी मानसिक राहत

इस अभियान के नोडल अधिकारी एएसपी ग्रामीण को नामित किया गया है। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि अक्सर देखा जाता है कि छोटी-छोटी समस्याओं के लिए भी जनता को बार-बार पुलिस के पास दौड़ना पड़ता है। इस अभियान से न केवल जनता का समय बचेगा, बल्कि मौके पर पहुँचने से पुलिस को मामले की वास्तविक स्थिति समझने में भी मदद मिलेगी। अब पुलिस स्वयं फरियादी तक पहुँचकर बेहतर समन्वय के साथ विवादों का हल निकाल रही है, जिससे शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक मानसिक और आर्थिक परेशानी से निजात मिलेगी।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!