Breaking News

शाहजहाँपुर की सूरत बदलने की तैयारी: अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, ₹75 करोड़ से चमकेंगी शहर की 109 सड़कें।

शाहजहाँपुर की सूरत बदलने की तैयारी: अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, ₹75 करोड़ से चमकेंगी शहर की 109 सड़कें।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहाँपुर। शहर को जाम और अतिक्रमण की समस्या से स्थायी मुक्ति दिलाने के लिए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। मंगलवार को विकास भवन सभागार में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शहर के सौंदर्यीकरण और यातायात प्रबंधन में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि शहर की 109 सड़कों का कायाकल्प करने के लिए 75 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।

इन सड़कों का निर्माण कार्य दो चरणों में होगा, जिसमें बरसात से पहले जरूरी मरम्मत और गड्ढा मुक्ति की जाएगी, जबकि मानसून खत्म होते ही सभी सड़कों पर बिटुमिनस (डामर) बिछाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लक्ष्य दिया है कि दीपावली तक शहर की सभी प्रमुख सड़कें पूरी तरह दुरुस्त और चकाचक हो जानी चाहिए।

अतिक्रमण के मुद्दे पर सख्ती दिखाते हुए जिलाधिकारी ने व्यापारियों और दुकानदारों को सीधी चेतावनी दी है। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि कोई भी दुकानदार अपनी दुकान की ग्रिल के आगे सड़क पर सामान रखता पाया गया, तो उस पर 1500 रुपये का तत्काल जुर्माना लगाया जाएगा। शहर में सुगम यातायात व्यवस्था लागू करने के लिए ई-रिक्शा के रूटों का सख्ती से पालन कराने और दोपहिया वाहन स्वामियों के लिए हेलमेट अनिवार्य करने की बात भी कही गई। डीएम ने दो टूक शब्दों में कहा कि अब यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ केवल चेतावनी नहीं बल्कि सीधे चालान की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही नगर निगम को निर्देश दिए गए कि शहर की सफाई व्यवस्था और पथ प्रकाश (स्ट्रीट लाइट) में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।

नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी और एसपी सिटी देवेंद्र कुमार की उपस्थिति में हुई इस बैठक में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव साझा किए। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि शहर को बेहतर बनाने के लिए प्राप्त सभी व्यावहारिक सुझावों पर गंभीरता से विचार कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संगठनों और पार्षदों से अपील की कि वे जनजागरूकता फैलाकर प्रशासन का सहयोग करें ताकि अगले दो महीनों के भीतर शाहजहाँपुर को एक व्यवस्थित और जाममुक्त शहर बनाया जा सके। बैठक में एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार सहित कई विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!