Breaking News

कासगंज: ‘ऑपरेशन मुस्कान’ से मिली कामयाबी, कलश यात्रा में बिछड़ी 6 साल की मासूम को पुलिस ने माँ से मिलाया।

कासगंज: ‘ऑपरेशन मुस्कान’ से मिली कामयाबी, कलश यात्रा में बिछड़ी 6 साल की मासूम को पुलिस ने माँ से मिलाया।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद में पुलिस का एक बेहद मानवीय और संवेदनशील चेहरा सामने आया है। शासन द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत थाना ढोलना पुलिस ने रास्ता भटकी हुई एक 6 वर्षीय मासूम बच्ची को चंद घंटों में तलाश कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपनी जिगर के टुकड़े को दोबारा बाहों में पाकर माँ की आँखों से खुशी के आँसू छलक पड़े और उन्होंने पुलिस टीम को ढेर सारी दुआएं दीं।

घटनाक्रम के अनुसार, बीती 9 मई को ग्राम छवानी निवासी दिवंगत सिराजुद्दीन की छोटी बेटी शबनम गांव से गुजर रही एक कलश यात्रा को देखते-देखते उसके पीछे काफी दूर तक निकल गई थी। शाम ढलते ही वह रास्ता भटक गई और कस्बा ढोलना में लावारिस हालत में रोती हुई मिली।

क्षेत्र में गश्त कर रही ‘मिशन शक्ति’ और डायल-112 की टीम की नजर जब घबराई हुई बच्ची पर पड़ी, तो उन्होंने उसे सुरक्षा में लेकर पूछताछ की। बच्ची इतनी छोटी थी कि वह अपना घर और पता बताने में असमर्थ थी। पुलिस टीम ने धैर्य का परिचय देते हुए उसे आसपास के गांवों और बिलराम कस्बे में ले जाकर पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन शुरुआती सफलता नहीं मिल सकी।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के कुशल निर्देशन में पुलिस ने आधुनिक तकनीक और सोशल मीडिया का सहारा लिया। बच्ची की तस्वीर और वीडियो को विभिन्न ग्रुप्स में वायरल किया गया। यह प्रयास सफल रहा और फोटो देखकर बच्ची की माँ फूलवानो ग्रामीणों के साथ थाने पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक जगदीश चन्द्र और उनकी टीम ने चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मासूम शबनम को उसकी माँ को सौंप दिया। पुलिस की इस मुस्तैदी और नेक पहल की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!