Breaking News

उसावां, बदायूँ: आवास योजना में भ्रष्टाचार का बोलबाला, प्रधान और सचिव पर रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप।

उसावां, बदायूँ: आवास योजना में भ्रष्टाचार का बोलबाला, प्रधान और सचिव पर रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप।

उसावा, (बदायूँ)। जनपद के उसावा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत रिजोला में प्रधानमंत्री आवास योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। यहाँ कई लाभार्थियों ने ग्राम प्रधान और सचिव पर आवास की किश्त जारी करने के बदले हजारों रुपये की अवैध वसूली करने के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। पीड़ित ग्रामीणों का कहना है कि रिश्वत की रकम देने के बावजूद उनकी दूसरी किश्त रोक दी गई है, जिससे उनके अधूरे पड़े मकान अब खंडहर बनने की कगार पर हैं।

भ्रष्टाचार का सबसे दर्दनाक चेहरा रिजोला निवासी विधवा महिला रामप्यारी के मामले में सामने आया है। पीड़ित महिला ने बताया कि उन्हें आवास की पहली किश्त के रूप में 40 हजार रुपये प्राप्त हुए थे, जिसमें से प्रधान और सचिव ने 20 हजार रुपये की मांग की। पहले तो उन्होंने यह रकम मकान की नींव भरने में खर्च कर दी थी, लेकिन बाद में दबाव बढ़ने पर उन्हें मजबूरी में पैसे देने पड़े। हद तो तब हो गई जब दूसरी किश्त के लिए भी उनसे और रुपयों की मांग की गई, जिसके चलते उन्हें अपने जेवर तक गिरवी रखने पड़े। इसके बावजूद प्रशासन ने उनका खाता होल्ड होने की बात कहकर किश्त रोक दी है, जिसके लिए वह अब कोर्ट और अधिकारियों की चौखट पर न्याय की गुहार लगा रही हैं।

इसी तरह का मामला नगरिया दुकानी गांव से भी प्रकाश में आया है, जहाँ दिव्यांग रामनाथ ने प्रधान और सचिव पर गंभीर आरोप जड़े हैं। रामनाथ के अनुसार उनकी पहली किश्त के 40 हजार रुपये में से दबंगों ने 30 हजार रुपये ले लिए। उन्होंने जैसे-तैसे मकान की दीवारें तो खड़ी कर लीं, लेकिन अब दूसरी किश्त के लिए उनसे फिर से अवैध वसूली की मांग की जा रही है। इस पूरे प्रकरण पर क्षेत्र के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) ने मामले की गंभीरता को स्वीकार किया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और लाभार्थियों को परेशान करने वाले दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रधान और सचिव के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बाईट- दिव्यांग रामनाथ

बाईट- रामप्यारी

 

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!