Breaking News

मानवता की मिसाल: घायल युवकों के लिए देवदूत बने ग्राम प्रधान, निमंत्रण छोड़ अपनी गाड़ी से पहुँचाया अस्पताल।

मानवता की मिसाल: घायल युवकों के लिए देवदूत बने ग्राम प्रधान, निमंत्रण छोड़ अपनी गाड़ी से पहुँचाया अस्पताल।

चहनियां/चन्दौली (संवाददाता: अमित कुमार ओझा)। बलुआ थाना क्षेत्र के पपौरा बाजार के समीप मंगलवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में घायल हुए तीन युवकों के लिए सेवड़ी हुदहुदीपुर के ग्राम प्रधान आशुतोष कुमार सिंह ‘मसीहा’ बनकर सामने आए। हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से लथपथ पड़े घायलों को देख जहाँ राहगीर कतरा रहे थे, वहीं ग्राम प्रधान ने अपना निजी कार्यक्रम छोड़कर मानवता दिखाई और घायलों को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुँचाकर उनकी जान बचाई।

घटनाक्रम के अनुसार, सुरतापुर और ओदरा निवासी नरेंद्र कुमार (35 वर्ष), शुभम कुमार (17 वर्ष) और अभिषेक कुमार एक ही बाइक पर सवार होकर सकलडीहा से निमंत्रण कर लौट रहे थे। पपौरा स्थित आरा मशीन के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। काफी देर तक मदद न मिलने के कारण वे तड़पते रहे। इसी बीच सेवड़ी हुदहुदीपुर के प्रधान आशुतोष कुमार सिंह अपने चार पहिया वाहन से पीडीडीयू नगर और वाराणसी में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए निकले थे। सड़क पर घायलों को देख उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवाई और बिना समय गंवाए निमंत्रण में जाने का विचार त्याग दिया।

प्रधान ने तीनों घायलों को अपने निजी वाहन में बिठाया और तत्काल चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए, जहाँ उनकी देखरेख में वार्ड बॉय व स्वास्थ्य कर्मियों ने प्राथमिक उपचार और पट्टी-मलहम किया। संवेदनशीलता का परिचय देते हुए प्रधान यहीं नहीं रुके, उन्होंने देर रात तक तीनों घायलों और उनकी क्षतिग्रस्त बाइक को सुरक्षित उनके घर तक पहुँचाया। उनके इस नेक कार्य की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। इस संबंध में आशुतोष सिंह ने सादगी से कहा कि उनके लिए किसी समारोह में शामिल होने से ज्यादा जरूरी इन युवकों की जान बचाना था। पीड़ित परिजनों ने इस निस्वार्थ सेवा के लिए प्रधान का हृदय से आभार व्यक्त किया है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!