Breaking News

सहावर: बिजली की चपेट में आने से मां-बेटे की दर्दनाक मौत, हृदयविदारक घटना से हीरापुर गांव में पसरा सन्नाटा।

सहावर: बिजली की चपेट में आने से मां-बेटे की दर्दनाक मौत, हृदयविदारक घटना से हीरापुर गांव में पसरा सन्नाटा।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

सहावर (कासगंज): कासगंज जनपद के कोतवाली सहावर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हीरापुर में गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ, जहाँ करंट की चपेट में आने से मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। इस दोहरे हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 65 वर्षीय किरण देवी पत्नी मेंबर सिंह अपने घर में लगे नल से पानी भरने गई थीं। जैसे ही उन्होंने नल को छुआ, उसमें अचानक से आए तेज बिजली के करंट ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

अपनी मां को बिजली के करंट से बुरी तरह चिपका देख उनका 35 वर्षीय बेटा रहीशपाल चीखते हुए उन्हें बचाने के लिए दौड़ा। बदहवास रहीशपाल ने जैसे ही मां को छुड़ाने का प्रयास किया, वह खुद भी करंट की चपेट में आ गया और देखते ही देखते मां-बेटे दोनों की मौके पर ही तड़प-तड़पकर जान चली गई। घर के भीतर मची चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में बिजली का तार काटकर संपर्क काटा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और दोनों की सांसें थम चुकी थीं।

एक ही घर में दो मौतों की खबर फैलते ही गांव में भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर उनका पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम की कार्यवाही के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है कि नल में करंट किस वजह से उतरा था। फिलहाल इस घटना ने हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया है।

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध तमंचा मिलने से फैली सनसनी।

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध …