Breaking News

शाहजहाँपुर: तमंचे से स्टंट करने से रोका तो दोस्तों ने ही ले ली कैब ड्राइवर की जान, 24 घंटे में चार आरोपी गिरफ्तार।

शाहजहाँपुर: तमंचे से स्टंट करने से रोका तो दोस्तों ने ही ले ली कैब ड्राइवर की जान, 24 घंटे में चार आरोपी गिरफ्तार।

शाहजहाँपुर (मुबारक अली): जनपद के थाना पुवायाँ क्षेत्र में हुए चर्चित कैब ड्राइवर कुलदीप राठौर हत्याकांड का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक के चार दोस्तों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने कार के भीतर अवैध असलहे से स्टंट करने का विरोध करने पर अपने ही साथी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और कड़ाई से की गई पूछताछ के आधार पर इस पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने में सफलता प्राप्त की है।

घटनाक्रम के अनुसार, 27 अप्रैल को कमल राठौर ने अपने 35 वर्षीय भाई कुलदीप की हत्या की रिपोर्ट थाना पुवायाँ में दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि 26 अप्रैल की रात कुलदीप अपने दोस्त सचिन के कहने पर कैब लेकर सदापुर में एक विवाह समारोह में जा रहा था। कार में सचिन के साथ कौशल उर्फ नन्हे, अमन और अर्जुन भी सवार थे। यात्रा के दौरान बड़ागांव-सदापुर रोड पर अर्जुन ने अवैध तमंचा निकालकर गाड़ी के अंदर ही स्टंट करना शुरू कर दिया। ड्राइवर कुलदीप ने जब जान का खतरा बताते हुए तमंचा लहराने से मना किया, तो आरोपी भड़क गए और विवाद बढ़ गया। इसी बीच कुलदीप के ठीक पीछे बैठे अर्जुन ने उसे गोली मार दी, जिससे अनियंत्रित होकर कार सड़क किनारे गन्ने के खेत में जा घुसी।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश करते हुए कुलदीप का मोबाइल और पर्स निकालकर शारदा नहर में फेंक दिया ताकि शव की पहचान न हो सके। हालांकि, पुलिस ने जब मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) निकलवाई, तो सचिन का नंबर संदिग्ध पाया गया। पुलिस की सख्ती के आगे सचिन टूट गया और उसने पूरी सच्चाई उगल दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मघई टोला हाईवे से मुख्य आरोपी अर्जुन सहित कौशल और अमन को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अर्जुन, सचिन, कौशल और अमन शामिल हैं, जिनमें से अर्जुन के खिलाफ पहले से ही आईटी एक्ट का मामला दर्ज है। प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र कुमार रावत के नेतृत्व वाली टीम ने इन सभी के खिलाफ धारा 103(1), 238ख, 3(5) बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

 

 

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध तमंचा मिलने से फैली सनसनी।

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध …