Breaking News

चंदौली: घरेलू हिंसा की दहला देने वाली वारदात, विवाहिता को ससुर-सास ने जान से मारने की नीयत से पीटा।

चंदौली: घरेलू हिंसा की दहला देने वाली वारदात, विवाहिता को ससुर-सास ने जान से मारने की नीयत से पीटा।

चहनियां, चंदौली (शमशेर सिंह): जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुरा कैथी गांव में मंगलवार की सुबह रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक 28 वर्षीय महिला प्राची देवी पर उनके ही सास और ससुर ने जानलेवा हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। आरोप है कि महिला को घर में अकेला पाकर उसे बेरहमी से पीटा गया, उसके कपड़े फाड़ दिए गए और पहने हुए सोने के आभूषण भी छीन लिए गए। पीड़िता ने किसी तरह गांव की गलियों में भागकर और शोर मचाकर अपनी जान बचाई।

जानकारी के अनुसार, पुरा कैथी निवासी हरिकेश तिवारी पुत्र रामनन्दन तिवारी ने 14 जुलाई 2024 को प्राची के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के महज आठ दिन बाद ही यह दंपत्ति घर छोड़कर दिल्ली चला गया था, जहाँ वे पूजा सामग्री की एक छोटी फैक्ट्री चलाकर अपना जीवन यापन कर रहे थे। हाल ही में हरिकेश दिल्ली से अपना सारा सामान लेकर पैतृक गांव लौटा था और यहाँ अपनी फैक्ट्री स्थापित करने की तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि जमीन विवाद को लेकर परिवार में पहले से ही तनाव था और ससुर ने हरिकेश के हिस्से की जमीन पहले ही बेच दी थी।

मंगलवार की सुबह जब हरिकेश अपनी पत्नी को घर छोड़कर स्नान करने गया था, तभी मौका पाकर ससुर और सास ने प्राची पर हमला बोल दिया। पीड़िता का आरोप है कि उसे जान से मारने की नीयत से बुरी तरह पीटा गया और उसके साथ बदसलूकी की गई। शोर सुनकर जब ग्रामीण इकट्ठा हुए, तब तक आरोपी मौके से हट चुके थे। इसी बीच सूचना पाकर पति हरिकेश भी मौके पर पहुँच गया।

दोनों ने तत्काल बलुआ थाने पहुँचकर पुलिस को आपबीती सुनाई और लिखित तहरीर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बलुआ एसओ अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और पुलिस ने घायल महिला का चिकित्सीय परीक्षण कराते हुए मामले में वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। गांव में इस घटना को लेकर काफी चर्चा है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!