Breaking News

धान खरीद पोर्टल की मियाद खत्म होने को, फीडिंग बाधित; चार दिन बढ़ाने की मांग तेज।

धान खरीद पोर्टल की मियाद खत्म होने को, फीडिंग बाधित; चार दिन बढ़ाने की मांग तेज।

शैलेश सिंह, संवाददाता 

चंदौली। धान की सरकारी खरीद के पीक सीजन में पोर्टल फीडिंग की समस्या ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पोर्टल बंद रहने और सीमित मात्रा में फीडिंग खुलने के कारण बड़ी संख्या में किसानों का डेटा अब तक दर्ज नहीं हो सका है, जबकि फीडिंग की अंतिम तिथि में अब मात्र एक दिन शेष है।

किसानों का आरोप है कि किसी दिन 50 कुंतल, कभी 100 कुंतल तो कभी अधिकतम 150-200 कुंतल तक ही पोर्टल खोला जा रहा है। कई बार पोर्टल पूरी तरह बंद रहता है। ऐसे में जिन किसानों ने धान बेच दिया है, उनकी भी फीडिंग लंबित पड़ी है।

समस्या को लेकर किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को ज्ञापन देकर स्थिति से अवगत कराया। साथ ही डिप्टी आरएमओ कार्यालय में भी संपर्क किया गया, लेकिन किसानों का कहना है कि धान खरीद के व्यस्त समय में भी संबंधित अधिकारी की ड्यूटी विभागेतर कार्यों में लगाई जा रही है। शाम 4:30 बजे तक किसान और कार्यकर्ता इंतजार करते रहे, पर मुलाकात नहीं हो सकी। फरियादी किसान खाली कुर्सी देखकर लौटते रहे।

कलेक्ट्रेट स्थित मीटिंग हॉल में किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने मांग उठाई कि धान खरीद के चरम समय में डिप्टी आरएमओ की ड्यूटी अन्य कार्यों में न लगाई जाए, ताकि फीडिंग कार्य सुचारु रूप से हो सके।

स्थिति यह भी है कि कुछ किसान संसाधनों की कमी या मजबूरी में क्रय केंद्रों पर धान नहीं बेच सके और उन्होंने राइस मिलरों को धान दे दिया। लेकिन उनकी भी पोर्टल फीडिंग नहीं हो पा रही है। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो मिलर और किसान दोनों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा।

किसान विकास मंच ने मांग की है कि सरकारी धान खरीद पोर्टल की फीडिंग की तिथि मार्च माह में कम से कम चार दिन और बढ़ाई जाए, ताकि सभी किसानों की फीडिंग सुनिश्चित हो सके।

इस दौरान रणजीत सिंह, सुशील पांडेय, तौसीफ खान, सत्यप्रकाश मुनी और उपेंद्र सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!