Breaking News

बहेड़ी: 182.30 करोड़ बकाया पर उबाल: केसर शुगर मिल के खिलाफ बहेड़ी में किसानों का बड़ा प्रदर्शन।

182.30 करोड़ बकाया पर उबाल: केसर शुगर मिल के खिलाफ बहेड़ी में किसानों का बड़ा प्रदर्शन।

मोहम्मद वसीम, संवाददाता 

बहेड़ी, बरेली। बहेड़ी तहसील में बुधवार को गन्ना भुगतान के मुद्दे पर हजारों किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। केसर शुगर मिल पर ₹182.30 करोड़ की आरसी (राजस्व वसूली प्रमाणपत्र) जारी होने के बावजूद भुगतान न होने से आक्रोशित किसानों ने तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया।

किसानों का कहना है कि 22 जनवरी को मिल प्रबंधन ने लिखित रूप से 20 फरवरी से भुगतान शुरू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन तय तारीख गुजर जाने के बाद भी एक भी किश्त जारी नहीं की गई। इससे ग्रामीण अंचल में आर्थिक संकट गहरा गया है।

प्रदर्शन का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन (भानू) के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर अनुज सिंह ने किया। इस दौरान तहसील में किसानों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। किसानों ने आरोप लगाया कि आरसी जारी होने के बाद भी मिल की संपत्तियों की कुर्की, बैंक खातों को सीज करने और अन्य सख्त कदम उठाने में प्रशासनिक स्तर पर ढिलाई बरती जा रही है।

किसान नेताओं—प्रदेश प्रवक्ता जुबैर सिद्दीकी, जिला सचिव सूरजपाल सिंह, युवा जिला महासचिव शेखर गंगवार, नितिन सिरोही और आयुष गंगवार—ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो बहेड़ी से बरेली मंडल मुख्यालय तक पदयात्रा और कमिश्नरी घेराव किया जाएगा।

किसानों ने कहा कि गन्ना भुगतान में देरी से बीज, खाद, मजदूरी, बच्चों की फीस और घरेलू खर्च प्रभावित हो रहे हैं। उनका आरोप है कि करोड़ों रुपये की वसूली के मामले में प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए।

समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!