Breaking News

शाहजहांपुर: स्वामी शुकदेवानंद महाविद्यालय में वित्तीय साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा पर सेमिनार।

स्वामी शुकदेवानंद महाविद्यालय में वित्तीय साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा पर सेमिनार।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहाँपुर। डिजिटल युग में निवेश की सुरक्षा और वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वामी शुकदेवानंद महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग द्वारा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई) तथा भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के संयुक्त तत्वावधान में “प्रतिभूति बाजार में विनियोग: जागरूकता व सुरक्षा” विषय पर सेमिनार आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वाणिज्य विभागाध्यक्ष एवं उप-प्राचार्य प्रो. अनुराग अग्रवाल ने मां सरस्वती के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर किया। मुख्य वक्ता के रूप में एनएसई के नियामक विभाग, उत्तर प्रदेश क्षेत्र की प्रभारी सीएस श्रुति शर्मा ने छात्रों को वित्तीय साक्षरता एवं साइबर अपराध से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

सीएस श्रुति शर्मा ने कहा कि वित्तीय साक्षरता का अर्थ केवल धन अर्जित करना नहीं, बल्कि आय, बचत, बजट, निवेश और जोखिम प्रबंधन की समझ विकसित करना है। उन्होंने बताया कि शेयर बाजार दीर्घकालिक धन सृजन का प्रभावी माध्यम है, किंतु निवेश से पूर्व शोध, धैर्य और विश्वसनीय स्रोतों से मार्गदर्शन आवश्यक है। बिना पर्याप्त जानकारी के किसी भी निवेश योजना में धन लगाने से बचना चाहिए।

उन्होंने साइबर फ्रॉड को गंभीर चुनौती बताते हुए फिशिंग, फर्जी कॉल, नकली केवाईसी अपडेट और आकर्षक निवेश प्रस्तावों से सावधान रहने की अपील की। साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक न करने और व्यक्तिगत व बैंकिंग जानकारी सुरक्षित रखने की सलाह दी।

प्रो. अनुराग अग्रवाल ने कहा कि वित्तीय जागरूकता, अनुशासन और डिजिटल सतर्कता अपनाकर युवा अपनी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं तथा सुरक्षित निवेश संस्कृति का निर्माण कर सकते हैं।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. रूपक श्रीवास्तव ने किया। इससे पूर्व डॉ. बरखा सक्सेना ने पुष्प कलिका भेंट कर मुख्य वक्ता का स्वागत किया। सेमिनार में महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!