Breaking News

बदायूं: गर्भावस्था में योग के फायदे बताए, विशेषज्ञ ने दी सावधानी बरतने की सलाह।

गर्भावस्था में योग के फायदे बताए, विशेषज्ञ ने दी सावधानी बरतने की सलाह।

राष्ट्रीय न्यूज़ टुडे 

बदायूं। शहर के ऑडिटोरियम में आयोजित योग कक्षा के दौरान एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मिलिट्री चिकित्सालय, बरेली की स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. नलिनी राठौर ने गर्भावस्था के दौरान योग की उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह सुरक्षित एवं सरल आसनों, श्वसन तकनीकों और मानसिक विश्राम की समग्र पद्धति है। नियमित और संतुलित अभ्यास से गर्भवती महिलाओं के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार होता है, जिसका लाभ गर्भस्थ शिशु को भी मिलता है।

विशेषज्ञ ने बताया कि गर्भावस्था में योग करने से कमर दर्द, पैरों की सूजन व ऐंठन, तनाव और घबराहट जैसी समस्याओं में राहत मिलती है। साथ ही रक्त संचार बेहतर होता है, नींद की गुणवत्ता में सुधार आता है तथा श्रोणि की मांसपेशियां मजबूत होती हैं, जो सामान्य प्रसव में सहायक सिद्ध हो सकती हैं। योग मां और शिशु के बीच भावनात्मक संबंध को भी मजबूत बनाता है।

सावधानियों पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि गर्भावस्था में योग शुरू करने से पहले चिकित्सकीय परामर्श अवश्य लेना चाहिए। अभ्यास प्रशिक्षित योग प्रशिक्षक की देखरेख में ही करना उचित है। कठिन, तेज गति वाले और उल्टे आसनों से बचना चाहिए। अधिक देर तक सांस रोककर प्राणायाम न करें तथा पांचवें महीने के बाद पेट के बल न लेटें। किसी भी प्रकार की असुविधा, चक्कर, दर्द या रक्तस्राव की स्थिति में तुरंत अभ्यास रोक देना चाहिए।

कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने संदेश दिया कि योग प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि स्वास्थ्य के लिए नियमित और सहज अभ्यास है। अपनी क्षमता के अनुसार निरंतर अभ्यास करने से स्वस्थ मां और स्वस्थ शिशु का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी अखिलेश चौबे के साथ संध्या यादव, प्रभा सिंह, प्रवेश चौहान, कमला, अनीता, दीपा सिंह, शांति, सुनीता गुप्ता, लवली चौहान तथा दीक्षा कश्यप सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!