Breaking News

महाबीरी सम्मय माता मंदिर का नव निर्माण, जल कलश यात्रा में दिखी गंगा-जमुनी एकता।

महाबीरी सम्मय माता मंदिर का नव निर्माण, जल कलश यात्रा में दिखी गंगा-जमुनी एकता।

अमित कुमार ओझा, संवाददाता

चहनियां, चंदौली। क्षेत्र के सढान गांव में अति प्राचीन महाबीरी सम्मय माता मंदिर के नव निर्माण के उपलक्ष्य में भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व सोमवार की शाम ग्रामीणों ने जल कलश यात्रा निकालकर आस्था और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

ग्रामीणों के अनुसार पहले माता की प्रतिमा एक वृक्ष के नीचे छोटे से मंदिर में स्थापित थी। बाद में गांववासियों ने सामूहिक सहयोग से भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प लिया। कई महीनों के सहयोग से मंदिर का निर्माण कार्य पूर्ण हुआ, जिसके बाद विधि-विधान से प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम तय किया गया।

सोमवार शाम श्रद्धालुओं ने पीले वस्त्र धारण कर हाथों में कलश लेकर बड़गावा गंगा नदी से जल भरा। घोड़े और डीजे के साथ निकली यह यात्रा नैढी, सढान और बरिया गांवों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। यात्रा के दौरान हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदाय के लोग एक साथ जयकारे लगाते हुए चल रहे थे, जिसने क्षेत्र में गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की।

मंगलवार को प्रतिमा का गांव भ्रमण कराया गया तथा सात मंदिरों की परिक्रमा की गई। बुधवार को विधिवत प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई जाएगी, जिसके उपरांत भंडारे का आयोजन भी होगा। आयोजन में दोनों समुदायों के लोगों का सहयोग रहेगा।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। मंदिर की पुनः स्थापना श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बनने के साथ ही साम्प्रदायिक सौहार्द का संदेश भी देगी।

इस अवसर पर कैलाश मौर्या, परशुराम कन्नौजिया, रामा यादव, रमेश यादव फौजी, जावेद, राजू लेखपाल, फैसल खान, बदरू सेठ, एजाज अहमद, रामलाल यादव, रामबली, कृष्ण कुमार यादव, मिथिलेश यादव, संजय यादव, प्रधानपति सूर्यनाथ यादव, रामकुंवर यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!