Breaking News

गंजडुंडवारा में 8 फरवरी को आयोजित होगा सामाजिक-सांस्कृतिक सम्मेलन, प्रेस वार्ता में दी गई जानकारी।

गंजडुंडवारा में 8 फरवरी को आयोजित होगा सामाजिक-सांस्कृतिक सम्मेलन, प्रेस वार्ता में दी गई जानकारी।

जुम्मन कुरैशी, संवाददाता 

कासगंज। कासगंज जनपद के गंजडुंडवारा नगर में आगामी 8 फरवरी, रविवार को एक सामाजिक एवं सांस्कृतिक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सनातन हिंदू सम्मेलन समिति के तत्वावधान में रेलवे रोड स्थित बाग पंचायती परिसर में आयोजित होगा। सम्मेलन के उद्देश्य और रूपरेखा की जानकारी एक प्रेस वार्ता के माध्यम से दी गई।

प्रेस वार्ता शुक्रवार देर शाम करीब 8 बजे रेलवे रोड स्थित बाग पंचायती के सामने स्वयंसेवक ध्रुव महाजन के कार्यालय पर आयोजित की गई। इस दौरान बताया गया कि सम्मेलन से एक दिन पूर्व शनिवार को नगर में कलश यात्रा भी निकाली जाएगी।

आयोजन समिति के अध्यक्ष विकास गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में आपसी सद्भाव, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण तथा सामाजिक एकता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज को जोड़ने और सकारात्मक संवाद को बढ़ावा मिलता है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला बौद्धिक प्रमुख अर्चित चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन संघ के शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत रविवार को प्रातः 9 बजे हवन का आयोजन किया जाएगा, जिसके बाद दोपहर 2 बजे बाग पंचायती परिसर में सामूहिक भोज (भंडारा) आयोजित होगा।

सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में सुप्रसिद्ध भागवत प्रवक्ता अनुराग कृष्ण शास्त्री (कन्हैया) उपस्थित रहेंगे, जो सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और नैतिक मूल्यों पर अपने विचार रखेंगे। आयोजकों के अनुसार इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक संगठन, युवा वर्ग एवं महिलाएं भाग लेंगी।

समिति की ओर से क्षेत्रवासियों से अपील की गई है कि वे समय से पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता करें और आयोजन को सफल बनाएं।

प्रेस वार्ता के दौरान सह जिला प्रचार प्रमुख नितिन वर्मा, नगर कार्यवाह सुमित, नगर संघचालक अरविंद, रामकुमार सिंह, पंकज सोलंकी, श्याम राठौर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!