Breaking News

बलरामपुर: सरयू नहर में गिरा युवक कई घंटे से लापता, गोताखोरों की तलाश जारी।

सरयू नहर में गिरा युवक कई घंटे से लापता, गोताखोरों की तलाश जारी।

गुलाम नबी कुरैशी, संवाददाता 

बलरामपुर। जनपद के थाना श्रीदत्तगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम त्रिलोकपुर तिलकहना पुल से गुरुवार सुबह करीब 7 बजे एक युवक सरयू नहर में गिर गया। युवक की पहचान महेंद्र गिरी उर्फ छोटन (28) पुत्र घिराऊ, निवासी ग्राम त्रिलोकपुर के रूप में हुई है। घटना के पीछे संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया गया। दोपहर 2 बजे तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था। तिलकहना पुल के आसपास सरयू नहर में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही तिलकहना पुल से मुजहनी फाटक तक ग्रामीण लगातार निगरानी बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी तरह की जानकारी तुरंत पुलिस को दी जा सके।

पिता घिराऊ के अनुसार महेंद्र गिरी पेशे से पीओपी कारीगर था और चेन्नई में रहकर काम करता था। लगभग दो माह पहले ही वह घर आया था। महेंद्र की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। उनका 10 वर्षीय बेटा सचिन गिरी, जिसने सात वर्ष पूर्व अपनी मां को खो दिया था, अब पिता के लापता होने से पूरी तरह बेसहारा हो गया है। मासूम की आंखों में आंसू देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।

घटना के बाद पिता घिराऊ अपने बेटे की सलामती की उम्मीद में बदहवास होकर इधर-उधर दौड़ते नजर आए। उन्होंने प्रशासन से खोज अभियान और तेज करने की अपील की है।

पुलिस का कहना है कि जब तक युवक का पता नहीं चल जाता, तब तक तलाश अभियान लगातार जारी रहेगा। हर संभावित स्थान पर निगरानी रखी जा रही है।

इस संबंध में थाना प्रभारी श्रीदत्तगंज अविरल शुक्ला ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों के साथ-साथ अतिरिक्त गोताखोरों को भी बुलाया गया है और युवक की तलाश तेज कर दी गई है।

 

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!